देवास

घर के पोर्च में खड़ी ओला इलेक्ट्रिक स्कूटर में अचानक लगी आग, अन्य वाहन भी आए चपेट में

Share

 

देवास के मिश्रीलाल नगर क्षेत्र में एक घर के पोर्च में खड़ी ओला इलेक्ट्रिक स्कूटर में अचानक आग लगने से हड़कंप मच गया। घटना के दौरान स्कूटर चार्जिंग पर नहीं थी, फिर भी आग लग गई, जिससे अन्य वाहन भी चपेट में आ गए।

देवास। शहर के मिश्रीलाल नगर इलाके में सोमवार तड़के एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया, जब एक घर के पोर्च में खड़ी ओला इलेक्ट्रिक स्कूटर में अचानक आग भड़क उठी। आग इतनी तेजी से फैली कि पास में खड़े अन्य दोपहिया वाहन भी इसकी चपेट में आ गए।

ओला वाहन में आग की घटना भाजपा नेता विकास गिरि के यहां हुई है। इस संबंध में उन्होंने बताया कि यह ओला इलेक्ट्रिक स्कूटर उनके भाई विक्रांत की है, जिसे करीब 3-4 वर्ष पहले खरीदा गया था। रोजाना की तरह रात में स्कूटर घर के पोर्च में खड़ी की गई थी और उस समय वह चार्जिंग पर नहीं थी।

सुबह करीब 4:50 बजे अचानक स्कूटर में आग लग गई। घर में मौजूद भतीजे ने सबसे पहले आग देखी और तुरंत परिवार के सभी सदस्यों को जगाकर सुरक्षित बाहर निकाला। पोर्च में आग लगी होने से सदस्य छत के रास्ते बाहर निकले। इसके बाद परिवार और आसपास के लोगों की मदद से आग बुझाने का प्रयास शुरू किया गया, जिसमें करीब 20 मिनट का समय लगा।

इस आग की घटना में ओला स्कूटर पूरी तरह जल गई। साथ ही पोर्च में खड़ी एक आईक्यूब इलेक्ट्रिक स्कूटर, पेट्रोल वाहन वेस्पा और जुपिटर स्कूटर भी जल गए। इनमें आईक्यूब स्कूटर को सबसे ज्यादा नुकसान पहुंचा है, जबकि अन्य वाहनों में भी आंशिक नुकसान हुआ है।

विकास गिरि ने बताया कि यह समझ से परे है कि बिना चार्जिंग के खड़ी स्कूटर में अचानक आग कैसे लग गई। अभी तक चार्जिंग के दौरान आग लगने की घटनाएं हुईं हैं। घटना के बाद क्षेत्र में इलेक्ट्रिक वाहनों की सुरक्षा को लेकर चिंता का माहौल है। शहर में बड़ी संख्या में इलेक्ट्रिक वाहन है। ऐसे में चिंता होना स्वाभाविक है।

सेफ्टी के जरूरी पॉइंट्स:
– इलेक्ट्रिक वाहन को हमेशा खुली और हवादार जगह पर पार्क करें।
– वाहन के आसपास ज्वलनशील वस्तुएं (कागज, कपड़ा आदि) न रखें।
– समय-समय पर बैटरी और वायरिंग की जांच कराएं।
यदि वाहन पुराना हो गया हो तो अधिक सतर्कता बरतें।
– रात में वाहन पार्क करते समय आसपास अग्निशमन के साधन (बाल्टी, पानी, रेत) रखें।
– किसी भी तरह की गंध, धुआं या असामान्य गर्मी महसूस होने पर तुरंत दूरी बनाएं और विशेषज्ञ को जानकारी दें।

Back to top button