देवास

प्रधानमंत्री कुसुम योजना का लाभ लेकर जिले के किसान सोलर प्लांट कर रहे हैं स्थापित

Share

 

देवास। कार्यपालन यंत्री एमपीईबी देवास ने बताया कि प्रधानमंत्री कुसुम योजना अंतर्गत देवास जिले में किसानों को गैर-उपजाऊ भूमि पर सोलर पावर प्लांट स्थापित कर अतिरिक्त आय अर्जित करने का सुनहरा अवसर प्रदान किया जा रहा है।

इस योजना के तहत किसान अपनी भूमि पर ग्रिड-कनेक्टेड सोलर प्लांट लगाकर उत्पादित विद्युत को मध्य प्रदेश पश्चिम क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी लिमिटेड इंदौर को बेच सकते हैं, जिससे उन्हें नियमित आय प्राप्त होती है। वर्तमान में देवास जिले के 25 किसानों को सोलर प्लांट स्थापित करने हेतु मध्य प्रदेश पश्चिम क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी लिमिटेड इंदौर द्वारा पावर परचेज़ एग्रीमेंट (PPA) जारी किए जा चुके हैं। इन प्लांटों से कुल 45.7 मेगावाट विद्युत उत्पादन की क्षमता होगी, जो पर्यावरण संरक्षण के साथ-साथ किसानों की आर्थिक स्थिति मजबूत करने में महत्वपूर्ण योगदान देगी। जिले के 13 किसानों के प्रकरण विभिन्न स्तरों पर स्वीकृति के लिए प्रक्रियाधीन हैं। इनकी शीघ्र स्वीकृति एवं क्रियान्वयन से देवास जिले में सौर ऊर्जा का विस्तार और तेज होगा।

उन्‍होंने बताया कि प्रधानमंत्री कुसुम योजना किसानों को गैर-उपजाऊ या कम उपजाऊ भूमि का उपयोग कर सौर ऊर्जा उत्पादन के माध्यम से आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में केंद्र एवं मध्य प्रदेश सरकार की प्रमुख पहल है। योजना के अंतर्गत किसानों को आवश्यक तकनीकी सहायता, PPA के माध्यम से निश्चित दर पर बिजली खरीद की गारंटी तथा अन्य सुविधाएं उपलब्ध हैं। देवास जिले के किसान इस योजना का लाभ उठाकर अपनी आय बढ़ा सकते हैं तथा देश की हरित ऊर्जा लक्ष्यों में योगदान दे सकते हैं। इच्छुक किसान अधिक जानकारी के लिए मध्य प्रदेश पश्चिम क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी लिमिटेड इंदौर या स्थानीय कार्यालय से संपर्क कर सकते हैं।

Back to top button