देशभक्ति के रंग में रंगा श्री श्री रविशंकर विद्या मंदिर, 77वें गणतंत्र दिवस पर छात्रों ने बांधा समां

इंदौर। श्री श्री रविशंकर विद्या मंदिर विद्यालय परिसर में 77वां गणतंत्र दिवस समारोह हर्षोल्लास एवं देशभक्ति की भावना के साथ मनाया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ ध्वजारोहण एवं राष्ट्रगान से हुआ, जिसमें विद्यालय परिवार सहित छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की।
इस अवसर पर विद्यार्थियों द्वारा आकर्षक सांस्कृतिक एवं शारीरिक प्रस्तुतियां दी गईं। देशभक्ति गीतों, प्रेरणादायक कविताओं, पीटी प्रदर्शन, स्केटिंग एवं कराटे जैसे साहसिक कार्यक्रमों ने उपस्थित जनसमूह को मंत्रमुग्ध कर दिया। प्रस्तुतियों के माध्यम से विद्यार्थियों ने राष्ट्रप्रेम, अनुशासन एवं एकता का संदेश दिया।
कार्यक्रम के दौरान 26 जनवरी के ऐतिहासिक महत्व एवं भारतीय संविधान में निहित मूल्यों स्वतंत्रता, समानता और न्याय पर प्रकाश डालते हुए प्रेरक भाषण एवं शैक्षणिक गतिविधियां आयोजित की गईं।
समारोह में एक विशेष पुरस्कार वितरण कार्यक्रम भी आयोजित किया गया, जिसमें विद्यालय में 10 वर्षों की समर्पित सेवा पूर्ण करने वाले शिक्षकों को सम्मानित किया गया। इस अवसर पर उनके शैक्षणिक योगदान एवं संस्थान के विकास में भूमिका की सराहना की गई।समारोह का समापन मुख्य अतिथि के प्रेरक संबोधन एवं सामूहिक रूप से गाए गए देशभक्ति गीत ‘वंदे मातरम’ के साथ हुआ।




