सीड्स फैक्ट्री में लगी भीषण आग

सीड्स और फोम जलकर खाक, 12 से अधिक दमकलों ने पाया काबू
देवास। इंदौर रोड स्थित औद्योगिक क्षेत्र क्रमांक-1 में सोमवार दोपहर उस वक्त अफरा-तफरी मच गई, जब सुंदरम सीड्स एंड प्रोटीन फैक्ट्री में अचानक भीषण आग भड़क उठी।
दोपहर करीब 3 बजे लगी इस आग ने देखते ही देखते विकराल रूप धारण कर लिया। आग इतनी तेज थी कि दूर-दूर तक धुएं का गुबार दिखाई देने लगा और आसपास के क्षेत्र में हड़कंप मच गया।

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार फैक्ट्री परिसर में रखे बीज (सीड्स), खाली बारदाने और भारी मात्रा में रखे फोम ने आग को और भड़का दिया। देखते ही देखते पूरा परिसर आग की चपेट में आ गया। आग की भयावहता का अंदाजा इसी से लगाया जा सकता है कि इसे काबू में करने के लिए 12 से अधिक दमकल गाड़ियों को मौके पर बुलाना पड़ा।
फैक्ट्री परिसर में रखा था फोम, जांच के घेरे में प्रबंधन-
जानकारी के अनुसार, जिस परिसर में बीजों का भंडारण किया जा रहा था, उसके दूसरी ओर भारी मात्रा में फोम भी रखा गया था, जो आग लगने के बाद तेजी से जल उठा। फोम के जलने से आग और धुएं का दायरा कई गुना बढ़ गया, जिससे हालात और गंभीर हो गए। आग की चपेट में आकर पास स्थित चौकीदार का घर भी जल गया, जिसमें रखा पूरा घरेलू सामान खाक हो गया।

शॉर्ट सर्किट से आग लगने की आशंका-
प्राथमिक जांच में आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट बताया जा रहा है। हालांकि, फैक्ट्री परिसर में नियमों के विरुद्ध फोम रखे जाने को लेकर भी सवाल उठ रहे हैं। आखिर सीड्स फैक्ट्री में फोम जैसी सामग्री क्यों संग्रहित की गई थी।
प्रशासन और दमकल अमला रहा मुस्तैद-
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस व नगर निगम के अधिकारी मौके पर पहुंचे और राहत-बचाव कार्य शुरू किया। मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया जा सका। गनीमत रही कि इस हादसे में किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई, लेकिन लाखों रुपये के नुकसान का अनुमान लगाया जा रहा है।




