भक्ति, श्रद्धा और उत्साह के साथ 350 श्रद्धालु ब्रज यात्रा पर होंगे रवाना

देवास। मां चामुंडा-मां तुलजा भक्त मंडल के तत्वावधान में गिरिराज परिक्रमा एवं ब्रज यात्रा का आयोजन किया जा रहा है।
यह धार्मिक यात्रा 2 जनवरी को देवास से प्रारंभ होगी, जिसमें 350 से अधिक श्रद्धालु शामिल होंगे। श्रद्धालु शाम 4 बजे ट्रेन से बृजधाम के लिए रवाना होंगे। यात्रा को लेकर भक्त मंडल की ओर से सभी आवश्यक तैयारियां लगभग पूर्ण कर ली गई हैं।
दो दिवसीय इस धार्मिक यात्रा के दौरान श्रद्धालु बैंड-बाजे, भजन-कीर्तन एवं जयकारों के साथ गिरिराज जी की परिक्रमा करेंगे। यात्रा के दौरान आकर्षक फूल बंगला, छप्पन भोग, पंचामृत अभिषेक एवं संगीतमयी महाआरती का आयोजन किया जाएगा।
प्रदेशभर से भक्त होंगे शामिल-
इस सामूहिक ब्रज यात्रा में देवास, इंदौर, उज्जैन, बड़नगर, रतलाम, आगर, झाबुआ, मंदसौर एवं भवानीमंडी (राजस्थान) सहित प्रदेश के अन्य जिलों से श्रद्धालु शामिल होंगे। यात्रा के दौरान सभी सदस्यों के नाश्ते, भोजन एवं ठहरने की समुचित व्यवस्था भक्त मंडल द्वारा की गई है।
13 वर्षों से निरंतर जारी है भक्ति यात्रा-
मां चामुंडा-मां तुलजा भक्त मंडल के दुर्गेश अग्रवाल ने बताया कि इस धार्मिक यात्रा की शुरुआत 13 वर्ष पूर्व हुई थी। प्रारंभ में कुछ मित्रों के साथ गिरिराज जी की परिक्रमा की जाती थी, लेकिन धीरे-धीरे यह यात्रा एक पारिवारिक भक्ति अभियान का रूप लेती गई। हर माह नियमित रूप से परिक्रमा की जाती है, जबकि जनवरी माह में सामूहिक बृज यात्रा का आयोजन होता है।




