शादी में चोरी करने वाले गिरफ्तार, पर चोरी का सामान नहीं मिला पूरा!

– ग्राम टोंककला के ग्रामीण पहुंचे एसपी कार्यालय, विरोध जताते हुए सौंपा ज्ञापन
टोंकखुर्द (नन्नू पटेल)। जिले के ग्राम टोंककला में विगत दिनों हुई चोरी के मामले में मंगलवार को बड़ी संख्या में ग्रामीण पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंचे। उन्होंने अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (एएसपी) जयवीरसिंह भदौरिया को एक आवेदन सौंपा, जिसमें चोरी हुए सोने के आभूषणों की बरामदगी न होने का जिक्र किया गया।
ग्रामीणों ने बताया कि मनोहर पिता जयसिंह के घर 28 नवंबर को चोरी हुई थी। इस वारदात में सोने और चांदी के आभूषण चोरी हुए थे। पुलिस ने मामले में चोरों को गिरफ्तार कर लिया है। चोरी हुए आभूषणों की कीमत लगभग 13 से 14 लाख रुपए बताई गई है।
ग्रामीणों के अनुसार फरियादी मनोहर सिंह के पुत्र गौतम द्वारा चोरी की घटना की त्वरित सूचना पुलिस को दे दी गई थी तथा संदिग्धों के बारे में भी जानकारी उपलब्ध करा दी गई थी।
1 दिसंबर को पुलिस चौकी टोंककलां द्वारा फरियादी पक्ष को बुलाकर बताया गया कि चोरी करने वाले आरोपी गिरफ्तार कर लिए गए हैं एवं चोरी का सामान बरामद कर लिया गया है। हालांकि, जब फरियादी पक्ष को सामग्री पहचानने के लिए कहा गया तो चांदी के आभूषणों में समस्त चांदी के आभूषण व सोने में मात्र एक मंगलसूत्र ही दिखाया गया, जबकि शेष सोने का चोरी हुआ माल प्रस्तुत नहीं किया गया।
ग्रामीणों ने यह भी बताया कि गांव के महिपाल गोरधन सिंह और गौतम विक्रम सिंह के यहां पूर्व में हुई चोरी की वारदातों में भी पुलिस ने चोर तो पकड़ लिए, परंतु चोरी की सामग्री आज तक उपलब्ध नहीं कराई गई। ग्रामीणों ने मांग की कि चोरी हुए आभूषण जब्त कर उन्हें वापस लौटाए जाएं। उन्होंने इस मामले में आंदोलन की चेतावनी दी है। इस दौरान बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित थे।




