राज्य

भोपाल में जुटा अजाक्स परिवार

Share

– आरक्षण, छात्रवृत्ति और पदोन्नति पर हुई निर्णायक चर्चा

– जे.एन. कांसोटिया व वरिष्ठगणों का सम्मान, संतोष वर्मा (IAS) नए प्रांताध्यक्ष चुने गए

देवास/भोपाल। मध्यप्रदेश अनुसूचित जाति-जनजाति अधिकारी-कर्मचारी संघ (अजाक्स) की प्रांतीय साधारण सभा भोपाल में उत्साहपूर्ण वातावरण में संपन्न हुई। विभिन्न जिलों से आए सैकड़ों अधिकारी-कर्मचारियों की उपस्थिति में आयोजित इस सभा में संगठनात्मक मजबूती, आरक्षण बैकलॉग, सामाजिक न्याय और लंबित मांगों पर तीखी चर्चा हुई।

देवास जिले से अध्यक्ष आर.आर. हरियाले व कार्यवाहक अध्यक्ष सीमा चौहान के नेतृत्व में भारी संख्या में प्रतिनिधि शामिल हुए।

संविधान निर्माता व जननायक को नमन कर हुआ शुभारंभ

कार्यक्रम की शुरुआत बाबा साहब डॉ. भीमराव अंबेडकर और धरती आबा बिरसा मुंडा के चित्र पर माल्यार्पण के साथ हुई। तत्पश्चात अध्यक्ष जे.एन. कांसोटिया सहित अन्य वरिष्ठगणों को शाल-श्रीफल और प्रशस्ति पत्र भेंटकर सम्मानित किया गया। सम्मान पत्रों का वाचन विजयशंकर श्रवण और निर्मला पाटिल ने किया। सभा में उपस्थित पूर्व सांसद व वरिष्ठ समाजसेवी नारायण केसरी का भी सम्मान किया गया।

अजाक्स की 30 वर्षीय संघर्ष यात्रा-
प्रांतीय महासचिव इंजी एस. एल. सूर्यवंशी ने आरक्षण अधिनियम 1997, पदोन्नति नियम 2002, छात्रवृत्ति में महंगाई सूचकांक जोड़ने जैसे महत्वपूर्ण मुद्दों पर उपलब्धियों का विस्तार से उल्लेख किया। उन्होंने आउटसोर्सिंग, पुजारी नियुक्ति, निजी क्षेत्र में आरक्षण और पदोन्नति आरक्षण से संबंधित लंबित याचिकाओं की जानकारी भी दी।

बैकलॉग भरने और सामाजिक न्याय पर महत्वपूर्ण चर्चा-
प्रांतीय महासचिव व उज्जैन संभाग प्रभारी जी.एल. गुवाटिया ने कहा कि बैकलॉग पदों की पूर्ति, छात्रवृत्ति समय पर वितरण, छात्रावास सीट वृद्धि और सफाईकर्मियों को शासन अंशदान जैसे मुद्दों पर संघ ने सरकार को स्पष्ट संदेश दिया है।

संघ कोषाध्यक्ष डॉ. मथुरा प्रसाद ने आय-व्यय विवरण प्रस्तुत किया, जिसे सभा ने सर्वसम्मति से पारित किया।
आईटी सेल प्रभारी एम.सी. अहिरवार ने सोशल मीडिया के माध्यम से संगठन को और मजबूत करने की रणनीति बताई।

प्रांताध्यक्ष का चुनाव : संतोष वर्मा (IAS) को मिली कमान-
सभा में अध्यक्ष जे.एन. कांसोटिया द्वारा दिया गया त्यागपत्र सर्वसम्मति से अस्वीकार कर दिया गया। किन्तु उनकी इच्छा का सम्मान करते हुए उन्हें संगठन का संरक्षक एवं सेवानिवृत्ति प्रकोष्ठ का अध्यक्ष घोषित किया गया। इसके बाद चुनाव प्रक्रिया में संतोष वर्मा (IAS) को ध्वनिमत से नया प्रांताध्यक्ष चुना गया। कांसोटिया ने नए अध्यक्ष को शुभकामनाएँ देते हुए युवाओं से स्वरोजगार, उच्च शिक्षा और नेतृत्व क्षमता मजबूत करने का आह्वान किया।

प्रदेशभर के वक्ताओं ने रखे अपने विचार-
राजवीर अग्निहोत्री, मीनाक्षी सिंह, ए.आर. सिंह, रमेशचंद्र चांगैसिया, वंशीलाल धनवाल, महेश विरोलिया सहित कई वक्ताओं ने संगठन की एकता, शिक्षा, प्रशिक्षण और संवैधानिक अधिकारों पर जोर दिया। मुख्य अतिथि, राज्यसभा सदस्य बाल योगी उमेशनाथ महाराज ने केंद्र व राज्य सरकार द्वारा अजा/जजा/ओबीसी वर्गों के उत्थान के लिए किए जा रहे प्रयासों की जानकारी दी और कहा कि अजाक्स की मांगों को गंभीरता से लिया जा रहा है।

देवास प्रतिनिधियों की सक्रिय उपस्थिति-
देवास से हेमराज गोखले, विक्रम परमार, सुशील कुमार परमार, सुशीला चौहान, रश्मि पांडेकर, रामनकन्या सोलंकी, ममता जयपाल, राधेश्याम मालवीय, नंदलाल हरियाले, राकेश सोलंकी, देवकरण सोलंकी, संतोष हरियाले, बलवंत सिंह बामनिया, सज्जन सिंह मालवीय सहित बड़ी संख्या में पदाधिकारी उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन घनश्याम भकोरिया और विजयशंकर श्रवण ने किया। आभार प्रांतीय सचिव अवध नारायण मकोरिया ने व्यक्त किया।

Back to top button