जहरीली दवा पीने से युवक की मौत

इलाज में हुई देरी, रेफर के दौरान एंबुलेंस में लगाना पड़ा धक्का!
उदयनगर (बाबू हनवाल)। क्षेत्र के चंदुपुरा गांव में एक युवक के जहरीली दवा पी लेने का मामला सामने आया। गंभीर हालत में परिजन उसे इलाज के लिए अस्पताल ले गए, लेकिन उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई।
जानकारी के अनुसार, चंदुपुरा निवासी विष्णु पुत्र मांगीलाल उम्र 35 ने अज्ञात कारणों से जहरीली दवा पी ली। दवा का असर होते ही उसकी तबीयत अचानक बिगड़ने लगी। परिवार के लोग उसे तत्काल बागली के एक निजी दवाखाने लेकर पहुंचे। वहां मौजूद स्टाफ ने यह मामला पुलिस से संबंधित बताया और उन्हें शासकीय अस्पताल ले जाने की सलाह दी।
डॉक्टरों ने किया रेफर-
परिजन विष्णु को तुरंत बागली के शासकीय दवाखाने लेकर पहुंचे। डॉक्टरों ने उपचार शुरू किया, लेकिन उसकी स्थिति लगातार गंभीर बनी रही। हालत बिगड़ते देख उसे बड़े अस्पताल रेफर कर दिया गया। परिजनों ने बताया कि रेफर करने के बाद उन्होंने शासकीय एम्बुलेंस उपलब्ध कराने का अनुरोध किया। एम्बुलेंस चालू न होने के कारण काफी देर तक इंतजार करना पड़ा। कर्मचारियों ने धक्का मारकर उसे चालू करने की कोशिश की, जिससे और समय बर्बाद हुआ। इंतजार के दौरान विष्णु की हालत और गंभीर होती चली गई। अंततः कुछ देर बाद उसने दम तोड़ दिया।
समय पर मिल जाता उपचार तो बच सकती थी जान-
मृतक के परिवार का कहना है कि अगर समय पर एम्बुलेंस मिल जाती और इलाज शुरू हो जाता तो उसकी जान बच सकती थी। कन्हैयालाल पटेल ने मामले की जांच कर दोषियों पर कार्रवाई करने की मांग की है।




