धर्म-अध्यात्म

श्री योग वेदांत सेवा समिति करेगी दरिद्र नारायण की सेवा

Share

 

– साड़ी, कंबल, आश्रम साहित्य व मिठाई वितरण का होगा आयोजन

देवास। दीपावली पर्व के उपलक्ष्य पर जहां घर-घर में खुशियों का उजियारा फैलाया जा रहा है, वहीं श्री योग वेदांत सेवा समिति ने समाज के जरूरतमंद लोगों के बीच सेवा का दीप जलाने का संकल्प लिया है। समिति द्वारा दरिद्र नारायण की सेवा के उद्देश्य से झुग्गी बस्तियों में वस्त्र, कंबल, आश्रम साहित्य और मिठाई का वितरण किया जाएगा।

श्री योग वेदांत सेवा समिति ने महिला उत्थान मंडल और युवा सेवा संघ के सहयोग से आगामी 2 नवंबर को दरिद्र नारायण सेवा कार्यक्रम आयोजित करने का निर्णय लिया है। यह सेवा कार्य दुर्गा नगर कॉलोनी, बद्रीधाम नगर एक्सटेंशन, एम.आर. रोड स्थित डबल हनुमान मंदिर के पास की झुग्गी झोपड़ी में दोपहर 1 बजे से प्रारंभ होगा।

इस अवसर पर समिति के सदस्य जरूरतमंद परिवारों को साड़ी, कंबल, आश्रम साहित्य एवं मिठाई पैकेट वितरित करेंगे। समिति के दिनेश वाघे का कहना है कि दीपावली जैसे पावन अवसर पर जब पूरा समाज उत्सव में रमा होता है, तब समाज के उपेक्षित वर्ग तक खुशियां पहुंचाना ही सच्ची सेवा और साधना है।

Amaltas hospital

जानकारी देते हुए समिति के एक सदस्य ने बताया कि संपूर्ण भारत में तथा विदेशों में भी समिति से जुड़े साधक इस प्रकार की सेवाएं दीपावली पर करते हैं। हाल ही में इंदौर के पिपल्या दमाली क्षेत्र में बापूजी के शिष्य, ओजस्वी वक्ता रामाभाई के सानिध्य में भी भव्य सेवा कार्य संपन्न हुआ।

सेवा समिति ने नागरिकों से भी आह्वान किया है कि वे जरूरतमंदों की सहायता कर उनके जीवन में भी प्रकाश फैलाने का संकल्प लें।

Related Articles

Back to top button