शहर के चौराहे और मार्ग रंग-बिरंगी रोशनी से जगमगाए

देवास में नवरात्रि की भव्य सजावट
देवास। नवरात्रि महापर्व के लिए देवास शहर आस्था और रंगों के उत्सव में डूब गया है। नगर निगम ने पूरे शहर को आकर्षक सजावट और विद्युत रोशनी से सजा दिया है, जिससे हर चौराहा और मुख्य मार्ग रात में सितारों की तरह चमक रहा है। सजावट को देखकर राहगीर मंत्रमुग्ध हो रहे हैं।

महापौर गीता दुर्गेश अग्रवाल ने बताया कि नगर निगम ने भक्तों की आस्था और उत्साह को ध्यान में रखते हुए शहर की विशेष साज-सज्जा कराई है। प्रमुख चौराहों और मार्गों को रंगीन पताकाओं, आकर्षक झंडों, सजावटी छत्रियों और रंग-बिरंगी विद्युत रोशनी से संवार दिया गया है। हमारा उद्देश्य है कि माता रानी के दर्शन के लिए आने वाले हर श्रद्धालु को देवास में त्योहार का दिव्य अनुभव हो।
टेकरी रोड सहित शहर के प्रमुख स्थानों पर रंगीन झालरों, एलईडी लाइटों और आकर्षक तोरण की सजावट ने वातावरण को उत्सवी बना दिया है। महापौर श्रीमती अग्रवाल ने नागरिकों से अपील की कि वे स्वच्छता और यातायात नियमों का पालन करते हुए इस भव्य उत्सव का आनंद लें। भक्ति, आस्था और रोशनी का यह अनूठा संगम देवास को नवरात्रि महोत्सव के दौरान एक आध्यात्मिक और सांस्कृतिक केंद्र बना रहा है।




