प्रशासनिक

देवास में RTO की बड़ी कार्रवाई: ऑल इंडिया परमिट स्लीपर बसों पर 88 हजार का चालान, 4 जब्त

Share

 

देवास। नियमों को ताक पर रखकर चल रही ऑल इंडिया परमिट वाली स्लीपर बसों पर परिवहन विभाग ने बड़ी कार्रवाई की। अलसुबह से शुरू हुई जांच में 38 बसों की पड़ताल की गई, जिनमें से 14 पर चालानी कार्यवाही कर 88 हजार की वसूली की गई और 4 बसों को जब्त कर आरटीओ कार्यालय में खड़ा कराया गया।

कलेक्टर ऋतुराज सिंह के निर्देशानुसार देवास जिले में परिवहन विभाग द्वारा लगातार कार्यवाही की जा रही है। इसी कड़ी में जिला परिवहन अधिकारी निशा चौहान ने जांच टीम के साथ अलसुबह 5 बजे से मक्सी रोड एवं भोपाल रोड पर सघन जांच अभियान चलाया। ऑल इंडिया टूरिस्ट परमिट लेकर चलने वाली स्लीपर बसों की जांच की गई, जांच में पाया गया कि लंबी दूरी की चलने वाली इन स्लीपर बसों में लोकल सवारी, क्षमता से अधिक सवारी तथा बसों के ऊपर माल भरा हुआ पाया गया, जिस पर आरटीओ द्वारा चालानी कार्यवाही की गई।

अलसुबह 5 बजे से शुरू की गई बसों की जांच दोपहर 12 बजे तक चली। लगभग 38 बसों को जांचा गया, जिनमें से 14 बसों में कमी पाए जाने पर कुल राजस्व 88 हजार की चालानी कार्यवाही की गई तथा 4 बसों के वाहन स्वामी द्वारा चालान न भरने की स्थिति में उक्त बसों को जब्त कर आरटीओ कार्यालय में खड़ा करवाया गया।

जिला परिवहन अधिकारी ने बताया, कि ऑल इंडिया टूरिस्ट परमिट के तहत एक निश्चित स्थान से दूसरे निश्चित स्थान तक यात्री लेकर जा सकते हैं। यात्रा के बीच से अन्य यात्री को बस में नहीं बैठाया जा सकता। यात्री सूची होना जरूरी है। ऑल इंडिया टूरिस्ट परमिट लेकर चलने वाली स्लीपर कोच बसों पर जांच और सख्ती के साथ लगातार की जाएगी। सभी बस ऑपरेटरों को नियमों का ध्यान रखकर ही अपनी बसों का संचालन करना होगा। जांच टीम में जसवंतसिंह दोहरे, सरफराज खान, शाकिर खान, नीलेश साल्वे, भगत सिंह तथा बाबूलाल देवड़ा शामिल थे।

Back to top button