बायपास पर कटिंग करने वाले सक्रिय चोर गिरोह का पर्दाफाश, लाखों का माल जब्त

देवास। शहर में लगातार बायपास पर होने वाली कटिंग और माल चोरी की वारदातों पर अंकुश लगाने के लिए पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। थाना नाहर दरवाजा पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर घेराबंदी कर एक लाल रंग की आयसर गाड़ी (क्रमांक MP 13 ZJ 2935) को पकड़ा। तलाशी में गाड़ी से चोरी का माल, एक पिस्टल और जिंदा कारतूस बरामद हुए। पकड़े गए दोनों आरोपियों से माल की कीमत लगभग 36 लाख 70 हजार 800 रुपये आंकी गई है।
मुखबिर की सूचना पर दबिश-
23 अगस्त को पुलिस को सूचना मिली थी कि मक्सी तरफ से आने वाली आयसर गाड़ी में चोरी का माल भरा हुआ है। थाना प्रभारी मंजू यादव ने तुरंत विशेष टीम का गठन कर वाहन की धरपकड़ के लिए रवाना किया।
भोपाल-इंदौर बायपास पर जैसे ही पुलिस ने वाहन रोकने की कोशिश की, तभी उसमें बैठे एक युवक ने गेट खोलकर भागने का प्रयास किया, लेकिन पुलिस की घेराबंदी में दबोच लिया गया। वाहन की जांच करने पर एक अन्य आरोपी भी पकड़ा गया।
आरोपियों से बरामद माल-
तलाशी के दौरान पुलिस को एक सिल्वर रंग की देशी पिस्टल और एक जिंदा कारतूस मिला। साथ ही वाहन में भरा हुआ चोरी का माल जब्त किया गया, जिसकी कुल कीमत लगभग 36 लाख 70 हजार 800 रुपये है। इसमें आयशर गाड़ी-15 लाख रुपये, दवाइयां- 19 लाख 65 हजार रुपये, कपड़े- 1 लाख 75 हजार 800 रुपये, नकद राशि- 15 हजार रुपये।
गिरफ्तार आरोपी-
1. सुनिल गुदेन पिता बाबु टोपिया, उम्र 30 वर्ष, निवासी ग्राम भेरवाखेड़ी, धतुरिया रोड, थाना टोंकखुर्द
2. आकाश गुदेन पिता धर्मेन्द्र गुदेन, उम्र 25 वर्ष, निवासी ग्राम देव मुंडला, थाना टोंकखुर्द। दोनों आरोपियों ने पूछताछ में बताया कि वे बायपास पर चलने वाले वाहनों में चढ़कर सामान चोरी करते थे और उसे आयसर में भरकर ले जाते थे।
पुलिस टीम का सराहनीय कार्य
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी मंजू यादव के नेतृत्व में सउनि डीपी माछीवाल, सउनि सुमरत धुर्वे, प्रआर नितेश, यशवंत, धर्मराज, भगवान, आरक्षक नवदीप, विकास, धर्मेन्द्र की सराहनीय भूमिका रही।




