कांटाफोड़ पुलिस की घेराबंदी में फंसा बाइक चोर गिरोह, जंगल-नालों से बरामद हुईं 21 चोरी की बाइकें

कांटाफोड़, खातेगांव, कन्नौद, कमलापुर, बागली, हाटपीपल्या, सोनकच्छ आदि थाना क्षेत्र सहित इंदौर जिले से चोरी गई मोटरसाइकिल भी बरामद
देवास। जिले में लगातार हो रही बाइक चोरी की घटनाओं के बीच कांटाफोड़ पुलिस ने सटीक कार्रवाई करते हुए अन्तर्राज्यीय वाहन चोर गिरोह का पर्दाफाश किया है।
पुलिस ने जंगल, पहाड़ और नालों से 21 चोरी की मोटरसाइकिलें बरामद की हैं, जो विभिन्न थाना क्षेत्रों सहित इंदौर जिले से चुराई गई थीं। इस कार्रवाई में दो आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से भारी मात्रा में चोरी गया माल जब्त किया गया।
पुलिस अधीक्षक देवास पुनीत गेहलोद द्वारा लगातार चोरी हो रहे वाहनों का पता लगाकर जब्त कर उक्त गतिविधियों में संलिप्त आरोपियों पर सख्त कार्रवाई के लिए निर्देशित किया गया है। इसी क्रम में 2 अगस्त को फरियादी ने थाने आकर सूचना दी कि ग्राम हतनोरी से उनकी मोटर सायकिल चोरी हो गई है। रिपोर्ट पर से थाना कांटाफोड़ में धारा 303(2) बीएनएस का अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया एवं 5 अगस्त को फरियादी ने थाने आकर सूचना दी कि बिजवाड़ हाट से उनकी मोटर साईकल चोरी हो गई है। जिस पर से थाना कांटाफोड़ में धारा 303(2) बीएनएस का अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया। घटनाओं की गंभीरता को देखते हुए अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) सौम्या जैन के मार्गदर्शन में अनुविभागीय अधिकारी (पुलिस) कन्नौद आदित्य तिवारी के निर्देशन में थाना प्रभारी कांटाफोड़ सुरेखा निम्बोदा के नेतृत्व में विशेष टीम का गठन किया गया।

विशेष टीम के द्वारा तकनीक साक्ष्य, भौतिक साक्ष्य एवं मुखबिर तंत्र सक्रिय किये जाकर आस-पास के सीसीटीवी कैमरा चेक किये गये। इसी तारतम्य में 7 अगस्त को थाना कांटाफोड़ क्षेत्र में शाम के समय चलाये जा रहे सघन वाहन चैकिंग अभियान के दौरान बिजवाड़ तरफ से बिना नंबर की होंडा साइन मोटर साईकल पर दो लडके आते दिखे जो पुलिस चैकिंग को देखकर भागने लगे । जिन्हे पुलिस ने पीछा कर पकड़ा। अनावेदको को पकड़कर वाहन का चेचिस नंबर चेक करते ME4JC65AFJ7111214 इंजन नंबर JC65E72172080 होना पाये गये जो थाना कांटाफोड़ के अपराध क्रमांक 282/2025 की चुराई हुई मोटर साईकल होना पाई गई।
जिस पर से आरोपियो को पुलिस अभिरक्षा में लेकर सख्ती से पूछताछ करने पर उनके द्वारा थाना कांटाफोड क्षेत्र अंतर्गत 02 अन्य मोटर साईकल,थाना सतवास क्षेत्र से 01, थाना कन्नौद से 01,थाना बागली से 02,थाना कमलापुर से 01,थाना हाटपीपल्या से 01, देवास शहर से 01,थाना सोनकच्छ क्षेत्र से 01 एवं इंदौर जिले से अलग अलग स्थानो से 10-12 मोटर साईकल चोरी करना स्वीकार किया जिन्हे उनके द्वारा बजरंग गढ के जंगल में अलग अलग स्थानो पर छुपाकर रखा जाना बताया गया। उक्त चुरायी गयी मोटर साइकिले आरोपियो द्वारा पहाडो,पानी भरे गहरे गड्डो व नदी नालो के पास जंगल झाडियों मे छुपा कर रखी थी। जिन्हे आरोपियो के बताये अनुसार स्थान पर जाकर बड़ी मशक्कत से पुलिस द्वारा जप्त किया जाकर अग्रिम वैधानिक कार्यवाही की जा रही है ।
गिरफ्तार आरोपी-
01- जितेन्द्र पिता गुलाब सिंह कोल्मी उम्र 25 साल निवासी ग्राम बजरंगगढ़ थाना बागली
02- रंजीत पिता केवसिं भाबर उम्र 20 साल निवासी ग्राम बजरंगगढ़ थाना बागली।
सराहनीय कार्य- उक्त सराहनीय कार्य में थाना प्रभारी कांटाफोड़ सुरेखा निम्बोदा,उनि अजय सिंह डोड,विनय बघेल,कैलाश नारायण परमार,सउनि सुबेदार यादव,प्रआर सुनील गौफनिया,रामवीर सोलंकी,अशोक शर्मा,शिव कुमार,श्रवण दायमा,सुरेश चरपोटा,राजेश पटेल,आर प्रकाश सोलंकी,संजय राजावात, दिलीप, दिनेश भाबर,मआर प्रियंका बारिया,रेखा बड़ोले,सैनिक अर्जुन की सराहनीय भूमिका रही।




