जंगल, पहाड़ और नालों से निकली चोरी की बाइकें, अन्तर्राज्यीय गिरोह का खुलासा!

• 2 आरोपियों को किया गिरफ्तार,15 मोटर साइकिल जब्त
• थाना सतवास, कांटाफोड़, खातेगांव सहित इंदौर, बड़वानी आदि जिलों से चोरी गई मोटरसाइकिल भी बरामद
देवास। जिले की सतवास पुलिस ने जंगल, पहाड़ और नालों में छिपाकर रखी गई चोरी की 15 मोटरसाइकिलें बरामद कर अन्तर्राज्यीय वाहन चोर गिरोह का भंडाफोड़ किया है।
थाना सतवास की टीम ने दो आरोपियों को गिरफ्तार कर सख्त पूछताछ के आधार पर इस बड़ी सफलता को अंजाम दिया। बरामद वाहन मध्यप्रदेश के विभिन्न जिलों से चोरी किए गए थे। पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर चलाए गए इस अभियान में थाना सतवास और कांटाफोड़ पुलिस की भूमिका सराहनीय रही।
पुलिस अधीक्षक पुनीत गेहलोद द्वारा लगातार चोरी हो रहे वाहनो का पता लगाकर उन्हे जब्त कर उक्त गतिविधियों में संलिप्त आरोपियों पर सख्त कार्रवाई हेतू निर्देशित किया गया है। इसी क्रम में 17 जुलाई को सतवास थाना पुलिस को मुखबिर से सूचना प्राप्त हुई, कि दो संदिग्ध व्यक्ति अलग-अलग मोटरसाइकिलों पर मुहाई जागीर फाटा सतवास के पास आ रहे हैं, जिस पर से तत्काल अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) सौम्या जैन के मार्गदर्शन में अनुविभागीय अधिकारी (पुलिस) कन्नौद आदित्य तिवारी के निर्देशन में थाना प्रभारी सतवास निरीक्षक बीडी बीरा के नेतृत्व में उक्त स्थान पर वाहन चैकिंग की जा रही थी, इसी दौरान मुखबिर द्वारा बताए हुलिये के दो व्यक्ति अलग-अलग मोटर सायकल से आते हुये दिखे। जिन्हें रोककर पुलिस अभिरक्षा में लेकर प्रारंभिक पूछताछ करने पर अपना नाम सुकराम उर्फ कालू पिता ज्ञान सिंह डोडवे उम्र 31 साल एवं मकराम पिता झब्बर सिंह डोडवे उम्र 25 साल निवासीगण बजरंग गढ़ थाना बागली जिला देवास का होना बताया।
मोटर साइकिल के संबंध में पूछने पर आनाकानी करने लगे एवं मोटर साइकिलों के चेचिस नम्बर व इंजन नम्बर चैक करने पर एक मोटर साइकिल हीरो होण्डा डिलक्स लाल रंग की इंजन नं. HA11EMJ9J10807 एवं चेचिस न. MBLHA7156J9J11426 अनुसार मोटर साइकिल का रजिस्ट्रेशन न. MP-41-NB-6752 होना पाया गया एवं दूसरी मोटर साइकिल एचएफ डिलक्स ग्रे रंग की जिस पर हरे व सफेद रंग के पट्टे बने है के इंजन न. HA11ENK9G11742 व चेचिस न. MBLHAW022K9G05899 अनुसार रजिस्ट्रेशन न. MP-41-NF-1884 होना पाया गया। उक्त दोनों मोटर साइकिलों पर थाना सतवास अन्तर्गत धारा 303(2) बीएनएस के प्रकरण पंजीबद्ध है।
आरोपियों को गिरफ्तार कर सख्ती से पूछताछ करने पर उनके द्वारा 13 अन्य मोटर साइकिल की चोरी करना बताया। उक्त चुराई गई मोटर साइकिल पहाड़ों, पानी भरे गहरे गड्डो व नदी नालों के पास जंगल झाडियों में छुपा कर रखी थी, जिन्हे आरोपियों के बताए अनुसार स्थान पर जाकर बड़ी मशक्कत से पुलिस द्वारा जब्त कर अग्रिम वैधानिक कार्यवाही की जा रही है।
सराहनीय कार्यः- थाना प्रभारी सतवास भगवानदास बीरा, उनि सरदार मण्डलोई, विजय जाट, प्रआर गणेश रावत, प्रआर रवि राव जाधव, गंगाराम, रवि गरोडा, सुनिल देथलिया, विजय भंवर, मप्रआर भानु गौर, आर राजेन्द्र, अनिल, जयदेव, दिव्य, घनश्याम, राहुल, मआर कामिनी, अंजली, सैनिक खुबीराम एवं प्रआर रामवीर सिंह सोलंकी थाना कांटाफोड़ की सराहनीय भूमिका रही।




