रितु अड़ावदिया को मिला जिलास्तरीय अधिमान्य पत्रकार का दर्जा

मध्यप्रदेश शासन द्वारा पत्रकारिता में उत्कृष्ट योगदान हेतु मिली मान्यता
देवास। दैनिक ‘देवास अंचल’ की प्रधान संपादक श्रीमती रितु अड़ावदिया को मध्यप्रदेश शासन, जनसंपर्क संचालनालय भोपाल द्वारा जिलास्तरीय अधिमान्य पत्रकार के रूप में मान्यता प्रदान की गई है। यह सम्मान उनके वर्षों से किए जा रहे निष्ठापूर्ण, निष्पक्ष एवं जागरूक पत्रकारिता कार्यों की सार्वजनिक स्वीकारोक्ति है।
श्रीमती अड़ावदिया पिछले कई वर्षों से पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय हैं। वे दैनिक ‘देवास अंचल’ की मुख्य संपादक के रूप में अपनी भूमिका का निर्वहन कर रही हैं। उनकी लेखनी सामाजिक सरोकारों, महिला सशक्तिकरण, शिक्षा, स्वास्थ्य, प्रशासनिक पारदर्शिता एवं जनहित से जुड़े मुद्दों को लगातार मुखर रूप से उठाती रही है।
वे केवल समाचार तक सीमित नहीं हैं, बल्कि जन-जागरण, रचनात्मक लेखन एवं जनमानस के हित में अपने कलम को एक सशक्त माध्यम के रूप में प्रस्तुत कर रही हैं। उनकी कलम में जहां संवेदनशीलता है, वहीं सत्य के प्रति अडिग प्रतिबद्धता भी है।
श्रीमती अड़ावदिया ने इस उपलब्धि को पत्रकारिता जगत की हर उस महिला साथी को समर्पित किया है जो सीमित संसाधनों के बावजूद अपने दायित्व को पूरी निष्ठा और साहस से निभा रही हैं। उन्होंने कहा कि यह मान्यता उनके लिए एक नई प्रेरणा है और वे आगे भी समाज के महत्वपूर्ण विषयों को उजागर करने में कोई कोताही नहीं बरतेंगी।
उनके इस सम्मानजनक चयन पर देवास जिले के पत्रकार संगठनों, सामाजिक संस्थाओं, उनके सहयोगियों, शुभचिंतकों और परिजनों ने हर्ष व्यक्त करते हुए उन्हें शुभकामनाएं प्रेषित की हैं। पत्रकारों ने इसे देवास पत्रकारिता जगत के लिए एक प्रेरणादायी उपलब्धि बताया।




