सोनकच्छ क्षेत्र के चीकू ढाबे पर आबकारी विभाग की बड़ी कार्रवाई

– व्हिस्की एवं देशी शराब जब्त, प्रकरण दर्ज
देवास। जिले में अवैध मदिरा के निर्माण, संग्रहण और विक्रय के विरुद्ध लगातार कार्रवाई जारी है। इसी क्रम में सोनकच्छ क्षेत्र के कराडिया फाटा स्थित एक ढाबे पर दबिश देकर भारी मात्रा में विदेशी और देशी शराब बरामद की गई। मौके से एक आरोपी को गिरफ्तार कर कानूनी कार्रवाई की गई है।
कलेक्टर ऋतुराज सिंह के निर्देशन तथा सहायक आबकारी आयुक्त मंदाकिनी दीक्षित के मार्गदर्शन में देवास जिले में अवैध मदिरा के निर्माण, विक्रय एवं परिवहन करने वालों के विरुद्ध लगातार कार्यवाही की जा रही है।
26 जून को आबकारी की टीम ने मुखबिर के आधार पर कराडिया फाटा सोनकच्छ में चीकू ढाबे पर विधिवत तलाशी ली। यहां 7 बॉटल विदेशी शराब व्हिस्की एवं 329 पाव देशी शराब प्लेन कुल मात्रा 64.4 बल्क लीटर देशी विदेशी मदिरा बरामद हुई।
मौके से ढाबा संचालक को गिरफ्तार कर मध्यप्रदेश आबकारी अधिनियम 1915 की धारा 34(1) क एवं 34(2) के तहत प्रकरण दर्ज किया गया। जब्त मदिरा का बाजार मूल्य लगभग 31580 रुपये है। आरोपी से पूछताछ की जा रही है तथा मदिरा उपलब्ध कराने वाले व्यक्ति की तलाश की जाएगी।
कार्यवाही में आबकारी उपनिरीक्षक प्रेम यादव, आबकारी मुख्य आरक्षक राजाराम रायकवार, आबकारी आरक्षक अरविंद जिनवाल, निकिता परमार, सैनिक किशोर सिसोदिया, अनिल चौहान, अनिल अकोड़िया सम्मिलित रहे। इस प्रकार की कार्रवाई निरंतर जारी रहेगी।




