खरेली मार्ग पर अनियंत्रित इको कार दुर्घटनाग्रस्त, चालक गंभीर, इंदौर रेफर

टोंकखुर्द (नन्नू पटेल)। टोंकखुर्द के ग्राम खरेली को नेशनल हाईवे से जोड़ने वाले निर्माणाधीन मार्ग पर एक इको कार अनियंत्रित होकर विद्युत पोल से टकरा गई।
इस हादसे में चालक सहित पांच लोग घायल हो गए, जबकि गंभीर रूप से घायल चालक को इंदौर रेफर किया गया। दुर्घटना के पीछे अधूरे सड़क निर्माण, संकरी लेन, अतिक्रमण और बिजली पोलों की अव्यवस्थित स्थिति को प्रमुख कारण माना जा रहा है।
स्थानीय ग्राम खरेली का मुख्य मार्ग, जो ग्राम खरेली को नेशनल हाईवे के आलरी से जोड़ता है, पर इको कार अनियंत्रित होकर भयंकर रूप से दुर्घटनाग्रस्त हो गई। कार 11 केवी विद्युत पोल से टकरा गई, जिसमें गाड़ी चालक सहित पांच पैसेंजर घायल हो गए। वही गाड़ी चालक कृष्णपाल पिता धीरजसिंह सोलंकी को गंभीर अवस्था में इंदौर रेफर किया गया।
ग्राम खरेली का उक्त मार्ग पिछले दो वर्षों से निर्माणाधीन है। सड़क निर्माण करने वाले एजेंसी की कछुआ चाल जैसे कार्य का अंजाम गांव की जनता को भुगतना पड़ रहा है। अधूरे कार्यों के कारण अनियंत्रित होकर आए दिन वाहन क्षतिग्रस्त हो रहे हैं।
सड़क के आसपास अतिक्रमण, संकरे मार्ग एवं बीच में ही विद्युत पोल गढ़े हुए हैं। जिसकी 2 साल में भी शिफ्टिंग नहीं हो पाई है। वहीं कई जगह पर सड़क के बिल्कुल निकट झाड़ियां एवं पेड़ लगे है।
वहां पर भी निर्माण कार्य अधूरा पड़ा है। कई जगह सड़क किनारे सोल्डर तक नहीं भरे जिससे वाहन के फिसलने का डर बना रहता है और दुर्घटना की आशंका बनी रहती है।




