धर्म-अध्यात्म

टोंकखुर्द नगर में 22 साल बाद गांव गेर माता पूजन 9 मई को

Share

– कलश यात्रा में उमड़ा श्रद्धा का सैलाब

(विजेंद्रसिंह ठाकुर 9302222022)

टोंकखुर्द। नगर में 22 वर्षों बाद गांव गेर माता पूजन का आयोजन शुक्रवार, 9 मई को किया जाएगा। इस ऐतिहासिक अवसर को लेकर पूरे नगर में उत्सव जैसा माहौल है। पूजन को लेकर ग्रामीणों और नगरवासियों में विशेष आस्था और श्रद्धा देखी जा रही है। आयोजन समिति और ग्रामीणों द्वारा कई दिनों से तैयारियां की जा रही हैं।

पूजन से एक दिन पूर्व गुरुवार को कलश यात्रा निकाली गई, जिसमें बड़ी संख्या में महिलाएं सिर पर कलश धारण कर शामिल हुईं। यात्रा की शुरुआत मंदिर प्रांगण से हुई और यह नगर के प्रमुख मार्गों जनपद पंचायत, उत्कृष्ट विद्यालय, तहसील चौराहा होते हुए शक्ति माता मंदिर तक पहुंची। यात्रा के दौरान ढोल-धमाके, भजन-कीर्तन और जयकारों की गूंज से नगर भक्तिमय हो गया।

कलश यात्रा में बालिकाओं से लेकर महिलाएं उत्साह के साथ शामिल हुईं। महिलाएं पारंपरिक परिधानों में सजीधजी नज़र आईं। अनेक श्रद्धालुओं ने रास्ते में जगह-जगह पूजा-अर्चना की। इस यात्रा ने नगर की सांस्कृतिक पहचान को भी जीवंत कर दिया।

जर्जर सड़क

माता पूजन में होगा विशेष अनुष्ठान-
माता पूजन के दिन शुक्रवार को विशेष अनुष्ठान, हवन और भंडारे का आयोजन किया जाएगा। बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के आने की संभावना है। आयोजन समिति द्वारा मंदिर प्रांगण में श्रद्धालुओं की सुविधा हेतु पेयजल, छाया और स्वास्थ्य सुविधा की भी व्यवस्था की गई है।

सड़क पर जगह-जगह गड्ढे-
इस आयोजन के बीच नगर की अव्यवस्थित सड़कें और सफाई व्यवस्था चिंता का विषय बनी हुई है। कलश यात्रा मार्ग पर कई स्थानों पर गड्ढों के कारण आवागमन में कठिनाई आई। वहीं नालियों की समय पर सफाई न होने से पहली बारिश में गंदा पानी सड़क पर बहने लगा, जिससे दुर्गंध और बीमारियों का खतरा बढ़ गया है।

Tonk khurd news

स्थानीय नागरिकों का कहना है कि टोंकखुर्द से गांवों की सड़कें बेहतर स्थिति में हैं, जो नगर प्रशासन की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े करती हैं। लोगों ने मांग की है कि नगर की साफ-सफाई और सड़क मरम्मत पर तत्काल ध्यान दिया जाए।

Back to top button