भारतीय किसान संघ मालवा प्रांत कार्यालय का उत्तम स्वामीजी ने किया भूमि पूजन

– किसानों की सेवा को समर्पित संगठन का संकल्प- “भवन भव्य होगा, लेकिन सिद्धांतों से समझौता नहीं”
– 112 तहसीलों के 700 कार्यकर्ताओं की रही गरिमामयी उपस्थिति
इंदौर। झोली फैलाकर लाएंगे किसानों का कार्यालय भव्य बनाएंगे, लेकिन किसान हित के लिए समझौता नहीं होगा। हमारे पास तो भवन है, कुटिया है लेकिन देश सेवा, किसान सेवा में लगे संगठन मंत्रियों के पास आधार कार्ड के अलावा कुछ भी नहीं है।
भारतीय किसान संघ मालवा प्रांत कार्यालय के भूमि पूजन कार्यक्रम में यह बात उत्तम स्वामी जी ने कही।
इसके पहले मंत्र उच्चारण के साथ गैती चलाकर स्वामीजी ने अखिल भारतीय संगठन मंत्री दिनेश कुलकर्णी, क्षेत्रीय संगठन मंत्री महेश चौधरी, प्रदेश अध्यक्ष कमलसिंह आंजना, प्रांत अध्यक्ष लक्ष्मी नारायण पटेल, महामंत्री रमेश दांगी के साथ भूमिपूजन किया।
कार्यक्रम में भगवान बलराम एवं भारत माता का पूजन कर दीप जलाकर कार्यक्रम की शुरुआत की। अतिथियों का साफा बांधकर एवं अंगवस्त्र देकर स्वागत किया गया।
सर्वप्रथम लक्ष्मीनारायण पटेल ने कार्यक्रम की रूपरेखा प्रस्तुत की। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के प्रांत प्रचारक राजमोहनजी ने संबोधित किया। अखिल भारतीय संगठन मंत्री दिनेश कुलकर्णी ने कहा किसानों के कार्यालय के काम का लय चलता रहे, इसलिए कार्यालय बनाया जा रहा है। किसान यहां आकर अपनी समस्या का हल करा सके।
उन्होंने कहा कि आज बड़ी ही खुशी का दिन है, कि मालवा प्रांत में किसान भवन बन रहा है। भारतीय किसान संघ धीरे-धीरे आगे बढ़ रहा है। मालवा प्रांत के 6 लाख सदस्य हैं। निश्चित ही हम मालवा प्रांत के गांव-गांव तक पहुंचेंगे। देशभर में पिछली बार हमारी 20 लाख सदस्य थे। इस बार बढ़कर 42 लाख सदस्य हैं।
उन्होंने कहा किसान संघ रीति नीति पर काम करता है। भारतीय किसान संघ किसानों का किसानों द्वारा बनाया गया एक गैर राजनेतिक संगठन है, जो 45 वर्षों से चल रहा है। कार्यक्रम में 700 कार्यकर्ताओं ने भाग लिया जो 112 तहसीलों के 18 जिलों से आए थे।

इस अवसर पर प्रदेश मंत्री राजेंद्र शर्मा, प्रदेश संयोजिका गिरिजा देवी ठाकुर, प्रदेश उपाध्यक्ष दिनेश पाटीदार, प्रांत संगठन मंत्री अतुल महेश्वरी, उपाध्यक्ष रेवाराम सेठ, दयाराम पाटीदार, प्रांत मंत्री भारत बैस, धरम गुर्जर, महेश ठाकुर, शांतिलाल शर्मा, रामप्रसाद सूर्या, दिलीप मुकाती आदि उपस्थित थे। यह जानकारी प्रचार प्रमुख गोवर्धन पाटीदार ने दी।



