सीहोर कृषि उपज मंडी में नई सोयाबीन की आवक शुरू

– भाव रहा 4551.25 रुपए प्रति क्विंटल
सीहोर। जिले की कृषि उपज मंडी में शुक्रवार को नई सोयाबीन की आवक का श्री गणेश हुआ। आने वाले दिनों में आवक बढ़ने की संभावना है।
इस सीजन में सबसे पहले ग्राम ब्रिजिश नगर के किसान दीपक अपनी नई फसल लेकर मंडी पहुंचे। किसान ने करीब 8 क्विंटल सोयाबीन बिक्री के लिए उतारी। सोयाबीन का भाव 4551.25 रुपए प्रति क्विंटल रहा।
इसकी खरीदी पियूष ट्रेडिंग कंपनी द्वारा की गई। इस मौके पर मंडी सचिव नरेंद्र कुमार माहेश्वरी ने किसान दीपक और व्यापारी को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि यह नई फसल का शुभारंभ है और आने वाले दिनों में धीरे-धीरे आवक बढ़ेगी।
उन्होंने बताया, कि जिले में सोयाबीन किसानों की मुख्य फसल है और इस वर्ष समय पर हुई वर्षा के कारण फसल की स्थिति बेहतर है। मंडी में शुरुआती दौर में जो भाव मिले हैं, वे किसानों के लिए संतोषजनक कहे जा सकते हैं।
किसानों की मेहनत का प्रतिफल-
किसान दीपक ने कहा कि कई महीनों की मेहनत के बाद आज उनकी फसल का पहला दाना मंडी में बिक सका। अच्छी कीमत मिलने से उत्साह बढ़ा है। उन्होंने उम्मीद जताई कि आने वाले दिनों में भाव स्थिर रहेंगे, जिससे किसानों को फायदा होगा।
व्यापारियों का मानना है कि शुरुआती दौर की आवक में सोयाबीन का दाना हल्का व नमीदार रहता है, लेकिन जैसे-जैसे फसल पक कर आने लगती है, दाने की गुणवत्ता और भाव दोनों में सुधार होता है।
मंडी में रौनक लौटेगी-
नई फसल की आवक के साथ ही मंडी परिसर में किसानों और व्यापारियों की चहल-पहल बढ़ने लगी है। आज 1498 किसानों ने अपनी उपज का विक्रय किया।
मंडी प्रशासन का कहना है कि खरीफ सीजन की मुख्य फसल होने से सोयाबीन की खरीदी आने वाले हफ्तों में और तेज़ होगी।




