शिक्षा

सीएम राइज विद्यालय में भारतीय संस्कृति और परंपराओं के अनुरूप मनाया प्रवेश उत्सव

Share

 

बागली (हीरालाल गोस्वामी)। शासकीय सीएम राइज उत्कृष्ट उमावि बागली में नवीन शिक्षा सत्र 2025-26 के शुभारंभ के अवसर पर प्रवेश उत्सव भारतीय संस्कृति और परंपराओं के अनुरूप हर्षोल्लास के साथ मनाया गया।

इस अवसर पर नव प्रवेशित विद्यार्थियों का तिलक, पुष्प माला और सम्मान के साथ स्वागत किया गया। साथ ही, विद्यार्थियों को पाठ्यपुस्तकें एवं सीएम राइज गणवेश वितरित की गईं।

मध्य प्रदेश शासन द्वारा संचालित “स्कूल चलो अभियान” के अंतर्गत मुख्यमंत्री द्वारा प्रसारित प्रवेश उत्सव कार्यक्रम का लाइव प्रसारण विद्यालय में छात्र-छात्राओं को दिखाया गया, जिससे वे इस अभियान की महत्ता को समझ सकें।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि विधायक मुरली भंवरा, नगर पालिका अध्यक्ष सीमा कमल यादव, अध्यक्ष प्रतिनिधि कमल यादव, समाजसेवी एवं पार्षद रजत बजाज व अन्य गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
कार्यक्रम की शुरुआत मां सरस्वती की प्रतिमा पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्वलन के साथ हुई। विद्यालय के प्राचार्य प्रकाश डाबी एवं समस्त स्टाफ ने अतिथियों का सौहार्दपूर्ण स्वागत किया।

स्वागत भाषण विद्यालय के योगेश तिवारी ने दिया, जिसमें उन्होंने विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

कार्यक्रम में विधायक मुरली भंवरा ने अपने संबोधन में कहा, कि प्रदेश सरकार विद्यार्थियों को उत्कृष्ट शिक्षा उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है और इस दिशा में कई योजनाएं लागू की जा रही हैं। उन्होंने विद्यार्थियों को परिश्रम और अनुशासन के साथ अध्ययन कर देश और समाज का नाम रोशन करने की प्रेरणा दी।

नगर पालिका अध्यक्ष सीमा कमल यादव एवं समाजसेवी रजत बजाज ने भी शिक्षा के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि शासन द्वारा दी जा रही सुविधाओं का लाभ उठाकर विद्यार्थी अपने सपनों को साकार करें।

Amaltas hospital

कार्यक्रम में विद्यालय के समस्त शिक्षक-शिक्षिकाएं, छात्र-छात्राओं के माता-पिता, गणमान्य नागरिक एवं बड़ी संख्या में विद्यार्थी उपस्थित रहे। अंत में प्रवीण राठौर ने सभी का आभार व्यक्त किया।

Back to top button