इंदौर

खुले में कचरा फेंकने पर 20 हजार रुपये का स्पॉट फाइन

Share

 

शहर की स्वच्छता बनाए रखने निगम की सख्ती जारी

इंदौर। नगर निगम ने स्वच्छता अभियान के तहत सख्ती बढ़ा दी है। सांवेर रोड क्षेत्र में खुले में कचरा फेंकने पर एक वाहन मालिक पर 20 हजार रुपये का स्पॉट फाइन ठोका गया। निगम ने साफ किया है कि गंदगी फैलाने वालों के खिलाफ अब और सख्त कार्रवाई की जाएगी।

नगर निगम आयुक्त शिवम वर्मा के निर्देशानुसार इंदौर नगर निगम द्वारा शहर की स्वच्छता व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाए रखने हेतु कचरा एवं गंदगी फैलाने वालों के विरुद्ध निरंतर सख्त चालानी कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में सांवेर रोड औद्योगिक क्षेत्र में निरीक्षण के दौरान एक बड़ा प्रकरण सामने आया।

मुख्य स्वास्थ्य निरीक्षक सत्येन्द्रसिंह तोमर द्वारा सांवेर रोड स्थित सेक्टर E क्षेत्र में निरीक्षण करते समय एक वाहन को खुले में कचरा फेंकते हुए पकड़ा गया। अपर आयुक्त स्वास्थ्य रोहित सिसोनिया के निर्देशन में मौके पर ही त्वरित कार्रवाई करते हुए वाहन स्वामी अभय सिंह पर खुले में कचरा फेंकने के कृत्य के लिए 20 हजार रुपये का स्पॉट फाइन किया गया। साथ ही, उन्हें भविष्य में इस प्रकार की गलती दोहराने पर कड़ी कार्रवाई की चेतावनी भी दी गई।

नगर निगम की स्वच्छता अभियान के अंतर्गत सार्वजनिक स्थानों पर गंदगी फैलाने, खुले में कचरा फेंकने एवं नियमों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध सख्त कदम उठाए जा रहे हैं। नगर निगम द्वारा नागरिकों से अपील की गई है कि वे स्वच्छता के प्रति अपना उत्तरदायित्व निभाए और कचरा निर्धारित स्थानों पर ही डालें।

Back to top button