• Tue. Jul 15th, 2025

    शक्ति आदमी की देह में नहीं संगठन में है, स्वयं को कमजोर न समझें

    ByNews Desk

    Jul 29, 2022
    Share

    विश्व जागृति मिशन के संस्थापक व आध्यात्मिक गुरु सुधांशु महाराज का देवास में आगमन हुआ, दिए प्रेरणादायी उद्बोधन

    देवास। शक्ति आदमी की देह में ही नहीं है संगठन में है, व्यक्ति के मनोबल में है, बुद्धि में है। शक्तिवान होना व्यक्ति के लिए बहुत आवश्यक है। कुछ थोड़ी सी मक्खी शहद इकट्ठा करती है, लेकिन उनका शहद कोई छीनकर न ले जाए तो संगठित होकर अपनी शक्ति बताती है। अगर प्रकृति ने आपको कमजोर बनाया है तो अपनी शक्ति बढ़ाने के लिए आपको संगठित होना चाहिए और अपना बल बढ़ाना चाहिए। हर दिन हम कीमती बने, मूल्यवान बने अपने आपको पीछे नहीं जाने देना चाहिए।

    यह विचार विश्व जागृति मिशन के संस्थापक एवं आध्यात्मिक गुरु सुधांशु महाराज ने प्रतापनगर स्थित नर्मदेश्वर मंदिर के समीप अपने संक्षिप्त प्रवचन में व्यक्त किए। उन्होंने कहा कि आप शक्ति की उपासना करते हैं तो यह जानना जरूरी है कि शक्तिमाता के आठ हाथ है, लेकिन सिर एक है। इसका मतलब है कि विचार एक हो और काम करने वाले हाथ अनेक हो। ऐसा होने पर ही शक्ति विराजमान होती है। शक्ति फिर शेर पर सवार होकर चलती है। उन्होंने कहा कि जंगल में एक आजाद प्राणी है और वह शेर है। हाथी कितना भी शक्तिशाली है, लेकिन रात्रि में हाथी का झुंड एकत्रित होता है और सोता है तो दो हाथी पहरा देते हैं, जबकि शेर 16 घंटे सोता है, दिन में भी सोता है उसे फिक्र ही नहीं है कि कोई आकर उसे छेड़ेगा और अगर छेड़ेगा तो फिर पता है क्या होगा। इसलिए आप कमजोर न बने। हर व्यक्ति को अपने अंदर की शक्ति को बढ़ाना चाहिए। आजाद वह है जो निडर है, जो डर कर जी रहा है वह गुलाम है। महाराज श्री ने कहा कि जो व्यक्ति ईश्वर विमुख है, वह सबसे गया-गुजरा है। मुनष्य को जो देह मिली है, वह पदार्थों को इकट्ठा करने के लिए नहीं बल्कि ईश्वर तक पहुंचने के लिए मिली है। वहां तक नहीं पहुंच पाए तो यह जीवन निरर्थक चला जाएगा। स्तुति, जप, संकीर्तन जरूर करना चाहिए। ये साधन ईश्वर के समीप ले जाते हैं। प्रवचन से पूर्व सुधांशु महाराज ने प्रताप नगर में नर्मदेश्वर महादेव मंदिर गार्डन का भूमिपूजन किया। यहां उन्होंने पौधारोपण भी किया। सुधांशु महाराज के प्रवचन सुनने के लिए बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित थे।

    मीडिया से चर्चा में आपने देवासवासियों के लिए मंगल कामना की और युवाओं में बढ़ते तनाव के लिए धैर्य के साथ आत्मबल बढ़ाने और मुस्कुराकर हर चुनौती का सामना करने की बात कही। विश्व जागृति मिशन देवास के दीक्षार्थी सज्जन सिंह परमार ने बताया कि प्रताप नगर में नर्मदेश्वर महादेव मंदिर गार्डन का भूमिपूजन सुधांशु महाराज ने किया। सुधांशु महाराज के प्रवचन सुनने के लिए बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित थे। कार्यक्रम के पूर्व रामशरणम के इंदरसिंह नागर, सविता सोनी, सुनील अयाचित ने भजनों की प्रस्तुति दी। कार्यक्रम का संचालन मोहन वर्मा ने किया और आभार हेमेंद्रसिंह परमार ने माना।

    Leave a Reply

    Your email address will not be published. Required fields are marked *