राजनीति

देवास में विकास हुए हैं और आगे भी विकास की गाथा लिखेंगे- प्रदेश अध्यक्ष शर्मा


मैं आपके लिए शेरनी की तरह लड़ सकती हूं, गीता अग्रवाल को भी मौका दें- विधायक गायत्री राजे पवार
देवास। कांग्रेस देश से समाप्ति की ओर जा रही है। आगामी 13 जुलाई के चुनाव में पार्टी के पार्षद और महापौर प्रत्याशी को चुनाव जिताओ। देवास में विकास की जिम्मेदारी भारतीय जनता पार्टी सरकार की है। मेरा देवास से पुराना संबंध है, मैंने महाराज तुकोजीराव पवार के साथ काम किया है। भारतीय जनता पार्टी की सरकार में देवास में ऐतिहासिक विकास हुआ है। देवास जैसे कार्यकर्ता हो तो हम कोई चुनाव हार ही नहीं सकते।
यह विचार भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष विष्णुदत्त शर्मा ने श्याम गार्डन में बूथ प्रभारियों व कार्यकर्ताओं के सम्मेलन में व्यक्त किए। उन्होंने कहा कि हमारी सरकार ने गरीब वर्ग के लोगों का आयुष्मान योजना से 5 लाख रुपए तक इलाज फ्री किया और अब भी जारी है। उज्जवला योजना से हर घर को गैस कनेक्शन, संबल योजना से किसी की मृत्यु होने पर 4 लाख रुपए, अपंग होने पर 2 लाख रुपए भारतीय जनता पार्टी की सरकार ने दिए हैं। मप्र और केंद्र की सरकार से देवास में अनेकों विकास हुए हैं और आगे भी विकास की गाथा लिखेंगे।

पांच साल में हमने जो कार्य किए वह गर्व करने योग्य-
इस अवसर पर विधायक श्रीमंत गायत्री राजे पवार ने कहा कि आज जब हम हमारी महापौर प्रत्याशी गीता दुर्गेश अग्रवाल व पार्षद प्रत्याशियों के लिए वोट मांगने जाते हैं तो बड़े गर्व से जाते हैं। सिर ऊपर उठाकर जाते हैं, क्योंकि हमने पांच साल में जो कार्य किया है, वह गर्व करने वाला है। विकास कार्य हुए हैं, देवास और पूरे प्रदेश में। देवास शहर में विकास का कारण ये है कि भाजपा सरकार ऊपर से नीचे तक थी। इससे विकास की गंगा बही और वह पार्षदों के वार्डों तक पहुंची। विधायक श्रीमंत पवार ने कहा कि गीता अग्रवाल एक गृहणी हैं, पर आप चिंता न करें उन्हें कुछ समय दीजिएं और देखिएंं। मैं भी ऐसी ही गृहणी थी, आपके बीच आई थी सात साल पहले, लेकिन आज मैं आपके लिए शेरनी की तरह लड़ सकती हूं। आप वक्त दीजिएं गीता अग्रवाल को, वह भी तैयार होकर देवास के विकास के लिए इसी तरह से लड़ेगी। अगर आप उनकाे जीताकर लाते हैं तो मेेरे हाथ मजबूत करते हैं, मुख्यमंत्री जी के हाथ मजबूत करते हैं। आप सभी से आग्रह है कि आप प्रचार-प्रसार कर गीता अग्रवाल के लिए वोट का आह्वान कीजिएं और महापौर बनाने में कामयाबी हासिल करें।

चुनाव में महिलाओं की भूमिका महत्वपूर्ण-
महिला मोर्चा प्रदेश अध्यक्ष माया नारोलिया ने कहा कि सबसे पहले मतदान फिर सारे काम, कोई भी चुनाव हो सबसे महत्वपूर्ण भूमिका महिलाओं की होती है, क्योंकि महिलाएं भी अपने घर में सभी को एक साथ लेकर चलती है। मैं सभी महिला मोर्चा की बहनों को कहना चाहती हूं कि भारतीय जनता पार्टी के उम्मीदवार के पक्ष में ज्यादा से मतदान करवाएं।इसके साथ ही सांसद महेंद्रसिंह सोलंकी ने कहा कि हमने देवास में बहुत विकास किया है। जैसे कि स्वच्छता अभियान में शहर को स्वच्छता की ओर आगे बढ़ाया है। रोड, ब्रिज हो या पानी की व्यवस्था। सारे काम भारतीय जनता पार्टी की सरकार में हुए हैं।
कार्यक्रम में देवास नगर निगम चुनाव प्रभारी पंकज जोशी, जिलाध्यक्ष राजीव खंडेलवाल, पूर्व महापौर सुभाष शर्मा, दुर्गेश अग्रवाल, नंदकिशोर पाटीदार, रायसिंह सेंधव, माया पटेल, महिला मोर्चा जिलाध्यक्ष राखी झालानी, देवास रियासत के महाराज विक्रमसिंह पवार, मंडल अध्यक्ष चिंटू रघुवंशी, जिला महामंत्री राजेश यादव, मनीष सोलंकी, संजय दायमा, जुगनू गोस्वामी उपस्थित थे। संचालन ओम जोशी ने किया व आभार दुर्गेश अग्रवाल ने माना।

Advertisement

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button