खेत-खलियान

मंडी में 60 किलो की बोरी में अनाज तौलने पर हम्माली दर भी उसी अनुरूप हों

भारतीय किसान संघ ने अधिक हम्माली दर वसूलने को लेकर जताई नाराजगी

देवास। कृषि उपज मंडी में व्यापारियों द्वारा किसानों से हम्माली दर अधिक काटने की शिकायत समय-समय पर मिल रही है। यहां मंडी बोर्ड द्वारा निर्धारित हम्माली दर से अधिक वसूली भी की जा रही है। इसी प्रकार की शिकायत मंगलवार को एक किसान ने की। शिकायत पर संबंधित व्यापारी ने अधिक वसूल की गई हम्माली की राशि किसान को लौटा दी। इस मामले में भारतीय किसान संगठन ने मंडी प्रशासन को सख्त रूप से आंदोलन की चेतावनी दी है।

देवास मंडी में पिछले दिनों 90 किलो या 60 किलो अनाज बोरी में तौलने की स्वीकृति प्रदान की गई थी। ऐसे में कुछ व्यापारी 90 किलो तो कुछ व्यापारी अपनी सहूलियत के अनुसार 60 किलो अनाज बोरी में भरवाकर तुलवा रहे हैं। इसके चलते कई बार हम्माली दर को लेकर विवाद की स्थिति निर्मित होती रही है। मंगलवार को भी एक किसान ने व्यापारिक फर्म पर अधिक हम्माली काटने की शिकायत मंडी प्रशासन सहित भारतीय किसान संघ के जिला महामंत्री शेखर पटेल से की। किसान का कहना था कि 60 किलो की बोरी में अनाज तौलने पर हम्माली दर कम ली जाना चाहिए। बाद में मंडी कर्मचारियों के हस्तक्षेप से मामला शांत हुआ।

भाकिसं के जिला महामंत्री पटेल ने कहा कि नियमानुसार 90 किलो की बोरी से ही अनाज की तौल होना चाहिए। प्रदेश की अन्य मंडियों में 90 किलो का ही नियम है। देवास में इस नियम के विपरीत कुछ व्यापारियों द्वारा 60 किलो की भरती में अनाज तौला जा रहा है। अनाज की मात्रा के अनुसार हम्माली दर भी कम होना चाहिए। किसानों को लूटने के लिए मनमर्जी से यहां आदेश जारी कर दिया गया। ऐसे आदेश को तत्काल निरस्त करना चाहिए। अगर किसानों के साथ लूट बंद नहीं होती है और 60 किलो की भरती वाला आदेश निरस्त नहीं किया जाता है तो भारतीय किसान संघ आंदोलन करेगा। मंडी सचिव ऐसा आदेश निकाले, जिससे किसान एवं व्यापारी दोनों का हित हो सकें।

इस संबंध में मंडी सचिव आरके साकेत का कहना है हम्माली दर निर्धारित की गई है, उसके अनुसार ही काटी जाना चाहिए। यदि निर्धारित दर से अधिक हम्माली काटी जा रही है तो जानकारी लेकर कार्रवाई करेंगे।

Advertisement

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button