सड़क हादसा: अज्ञात वाहन की टक्कर से बाइक सवार की मौत, 8 वर्षीय बेटी गंभीर घायल

– काम पर जाते समय हुआ हादसा, बच्ची गंभीर हालत में इंदौर रेफर; पुलिस अज्ञात वाहन की तलाश में जुटी
उदयनगर (बाबू हनवाल)। थाना क्षेत्र में रविवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे में बाइक सवार व्यक्ति की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसके साथ मौजूद उसकी आठ वर्षीय बेटी गंभीर रूप से घायल हो गई। हादसे के बाद क्षेत्र में शोक का माहौल है।
जानकारी के अनुसार पोलाखाल निवासी राकेश पुत्र काशीराम (35) अपने काम के सिलसिले में ग्राम खुड़ैल जा रहे थे। उनके साथ उनकी आठ वर्षीय बेटी भी बाइक पर सवार थी। उदयनगर-किशनगढ़ मार्ग पर झूलादड़ फाटे के समीप एक अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी।
टक्कर इतनी भीषण थी कि राकेश की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। वहीं उनकी मासूम बेटी गंभीर रूप से घायल हो गई। हादसे की सूचना मिलते ही स्थानीय लोग और पुलिस मौके पर पहुंचे तथा घायल बच्ची को तत्काल उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया।
बेटी की हालत नाजुक, इंदौर रेफर-
प्राथमिक उपचार के बाद बच्ची की गंभीर स्थिति को देखते हुए डॉक्टरों ने उसे बेहतर इलाज के लिए इंदौर रेफर कर दिया। चिकित्सकों के अनुसार उसकी हालत चिंताजनक बनी हुई है।
अज्ञात वाहन की तलाश में पुलिस-
उदयनगर पुलिस ने मृतक के शव का पंचनामा बनाकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस ने अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है। वाहन की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है।




