शिक्षा

पढ़ाने के साथ स्कूल की चिंता, शिक्षक महेश सोनी जनभागीदारी से जुटा रहे सुविधाएं

Share

 

देवास। शिक्षक का दायित्व केवल विद्यार्थियों को पढ़ाना ही नहीं, बल्कि उनके लिए बेहतर शैक्षणिक वातावरण तैयार करना भी है।

इस सोच को देवास की महाकाल कॉलोनी स्थित शासकीय माध्यमिक विद्यालय के शिक्षक महेश सोनी अपने कार्यों के माध्यम से लगातार साकार कर रहे हैं। वे कक्षा में विद्यार्थियों को पढ़ाने के साथ ही विद्यालय की सुविधाओं को बेहतर बनाने और जरूरतमंद विद्यार्थियों की मदद के लिए भी प्रयास करते आ रहे हैं।

महेश सोनी विद्यालय में जनभागीदारी के माध्यम से विभिन्न सुविधाएं जुटाने के लिए लगातार प्रयासरत हैं। उनके प्रयासों से स्कूल में विद्यार्थियों के लिए आरओ का स्वच्छ पेयजल उपलब्ध है। वहीं विद्यालय परिसर को हरा-भरा और आकर्षक बनाए रखने की दिशा में भी प्रयास किए जा रहे हैं।

विद्यार्थियों की जरूरतों को देखते हुए महेश सोनी समय-समय पर बच्चों को स्कूल बैग, कॉपियां, स्टेशनरी सहित अन्य शैक्षणिक सामग्री भी उपलब्ध कराते हैं। विशेषकर जरूरतमंद विद्यार्थियों के लिए यह पहल पढ़ाई जारी रखने में मददगार साबित होती है।

महेश सोनी का कहना है कि बच्चों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा देने के साथ उन्हें ऐसा वातावरण उपलब्ध कराना भी जरूरी है, जिसमें वे सहजता से पढ़ सकें। विद्यालय में उपलब्ध सुविधाएं और विद्यार्थियों के लिए किए जाने वाले प्रयास इसी उद्देश्य का हिस्सा हैं।

शिक्षक दिवस के अवसर पर महेश सोनी के ये प्रयास इस बात को सामने रखते हैं कि शिक्षक की भूमिका केवल पाठ्यक्रम पूरा करने तक सीमित नहीं होती। विद्यार्थियों के प्रति संवेदनशीलता और विद्यालय के विकास के लिए पहल करना भी शिक्षक के दायित्व का महत्वपूर्ण हिस्सा है।

Back to top button