शिक्षा

गुरुओं के सम्मान में झुके शीश, शिक्षकों को किया सम्मानित

शिक्षक दिवस पर मां शारदा संस्था का आयोजन, बच्चों को बांटी कॉपियां और प्रतियोगिता विजेताओं को मिले पुरस्कार

Share

 

भौंरासा (मनोज शुक्ला)। शिक्षक दिवस के अवसर पर नगर में गुरु-शिष्य परंपरा और शिक्षकों के सम्मान का भाव देखने को मिला। संस्था मां शारदा इंदौर द्वारा औदुंबर धर्मशाला में शिक्षक सम्मान समारोह आयोजित किया गया।

कार्यक्रम में क्षेत्र के शिक्षकों का शाल, श्रीफल एवं स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मान किया गया। साथ ही बच्चों को कॉपियां वितरित की गईं तथा विभिन्न प्रतियोगिताओं और राधाकृष्ण की वेशभूषा में शामिल बच्चों को पुरस्कार प्रदान किए गए।

कार्यक्रम में संस्था मां शारदा के संरक्षक एवं इंदौर के एडवोकेट प्रमोद कुमार द्विवेदी ने कहा कि शिक्षक स्वयं दीपक की तरह जलकर विद्यार्थियों के जीवन में ज्ञान का प्रकाश फैलाते हैं। भारतीय संस्कृति में गुरु का स्थान सदैव सर्वोच्च रहा है। शिक्षक अपने ज्ञान, अनुभव और मार्गदर्शन से नई पीढ़ी को गढ़ने के साथ राष्ट्र निर्माण में महत्वपूर्ण योगदान देते हैं। इसलिए शिक्षकों का सम्मान करना समाज का दायित्व है।

मुख्य अतिथि सेवानिवृत्त शिक्षक रामनारायण खत्री ने कहा कि राष्ट्र के विकास की मजबूत नींव तैयार करने में शिक्षकों की भूमिका महत्वपूर्ण है। शिक्षक केवल विद्यार्थियों को शिक्षा नहीं देते, बल्कि उन्हें संस्कार, अनुशासन और जीवन की सही दिशा भी प्रदान करते हैं।

कार्यक्रम में दयाराम यादव, राधेश्याम शर्मा, साबिर सेठ एवं बंसीलाल कारपेंटर सहित अन्य अतिथि मौजूद रहे। अतिथियों ने शिक्षकों का सम्मान किया। इस दौरान बड़ी संख्या में शिक्षक, विद्यार्थी, महिलाएं एवं नागरिक उपस्थित रहे।

कार्यक्रम के अंत में संस्था मां शारदा की ओर से आयोजन में शामिल सभी अतिथियों, शिक्षकों, बच्चों एवं नागरिकों का आभार व्यक्त किया गया।

Back to top button