Sehore में 204 किलो एनालॉग पनीर जब्त, डेयरी में गंदगी के बीच चल रहा था निर्माण
खाद्य सुरक्षा विभाग टीम की कार्रवाई, 40,800 रुपए का पनीर जब्त; निर्माण और सप्लाई रुकवाई

सीहोर। जिले में दूध और दुग्ध उत्पादों की गुणवत्ता को लेकर चलाए जा रहे विशेष अभियान के बीच खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने डेयरी इंडस्ट्री पर कार्रवाई की।
निरीक्षण के दौरान अस्वच्छ परिस्थितियों में प्रतिबंधित एनालॉग पनीर का निर्माण होते मिला। टीम ने मौके से पनीर जब्त कर निर्माण और सप्लाई रुकवा दी। इसके साथ ही पनीर का नमूना जांच के लिए प्रयोगशाला भेजा गया।
ये भी पढ़ें: त्योहार से पहले मिलावट पर शिकंजा, घी व मावा जब्त
कलेक्टर बालागुरू के. के निर्देशानुसार जिले में खाद्य सुरक्षा विभाग द्वारा दूध एवं दुग्ध उत्पादों की गुणवत्ता सुनिश्चित करने के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है। अभियान के तहत बाजार में विक्रय हो रहे दूध एवं दुग्ध उत्पादों पर विशेष निगरानी रखते हुए दुकानों, डेयरियों एवं फैक्ट्रियों का औचक निरीक्षण किया जा रहा है। खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने सीहोर के पचामा स्थित रूद्रांश डेयरी इंडस्ट्री का निरीक्षण किया।
ये भी पढ़ें: खाद्य सुरक्षा प्रशासन द्वारा जब्त किए घी के नमूने निकले अमानक
निरीक्षण के दौरान पाया गया कि फैक्ट्री में अस्वच्छ तरीके से एनालॉग पनीर बनाया जा रहा था। इसके साथ ही निर्माण स्थल की फर्श उखड़ी थी तथा दीवार गंदी पाई गई। खाद्य सुरक्षा अधिकारियों ने फैक्ट्री में बन रहे पनीर निर्माण एवं सप्लाई को तुरंत रूकवाया और 204 किलो एनालॉग पनीर भी जब्त किया, जिसका अनुमानित मूल्य 40,800 रुपए है। इसके साथ ही एनालॉग पनीर का नमूना भी जांच के लिए प्रयोगशाला भेजा गया।
ये भी पढ़ें: दूध, पनीर, घी, मिल्क केक के नमूने जांच रिपोर्ट में अवमानक
उल्लेखनीय है कि खाद्य सुरक्षा प्रशासन के आदेशानुसार संपूर्ण प्रदेश में एनालॉग पनीर का निर्माण, संग्रहण एवं विक्रय का पूर्णतः प्रतिबंधित किया गया है। यह कार्रवाई खाद्य सुरक्षा अधिकारी एडलीन पन्ना और दीपाली कांगे सहित खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम द्वारा की गई।
ये भी पढ़ें: अमानक पनीर बेचने पर 5 लाख तथा मिथ्याछाप पनीर बेचने पर 3 लाख रुपए का दंड लगेगा




