खेत-खलियान

जल मंदिर से राहगीरों को मिलेगा शीतल जल

Share

देवास। ग्राम राजोदा में समाजसेवा की एक प्रेरणादायक पहल सामने आई है। जल गंगा संवर्धन अभियान – जल शक्ति से नव भक्ति कार्यक्रम के अंतर्गत राहगीरों, किसानों और आमजन की सुविधा के लिए ‘जल मंदिर’ (प्याऊ) का शुभारंभ किया गया। इस प्याऊ के माध्यम से अब राहगीरों को स्वच्छ एवं ठंडा पेयजल सहज रूप से उपलब्ध हो सकेगा।

इस सराहनीय पहल की शुरुआत नवांकुर संस्था तपस्या लोक कल्याण समिति के सेक्टर अध्यक्ष एवं मुख्यमंत्री से सम्मानित किसान धर्मेंद्र सिंह राजपूत द्वारा की गई। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित सांसद महेंद्र सिंह सोलंकी ने कहा कि जल सेवा मानवता की सबसे बड़ी सेवाओं में से एक है और यह प्याऊ राहगीरों व किसानों की प्यास बुझाने का महत्वपूर्ण माध्यम बनेगी।

अपने संबोधन में धर्मेंद्रसिंह राजपूत ने कहा कि जल ही जीवन का आधार है और राहगीरों को पानी उपलब्ध कराना सबसे बड़ा पुण्य कार्य है। उन्होंने कहा कि समाज में सकारात्मक बदलाव लाने के लिए बड़े संसाधनों की नहीं, बल्कि सेवा भावना की आवश्यकता होती है। धूप और गर्मी में अपने काम से निकला कोई भी व्यक्ति प्यासा न रहे और उसे स्वच्छ पेयजल आसानी से मिल सके।

कार्यक्रम में समिति के अनिलसिंह भाटी, दीपक सिंह ठाकुर सहित अनेक गणमान्य नागरिकों की उपस्थिति रही। वहीं जन अभियान परिषद की जिला समन्वयक डॉ. सुप्रीति यादव एवं ब्लॉक समन्वयक नीलम सोनी के मार्गदर्शन में क्षेत्र में ऐसे प्रेरणादायक कार्य लगातार किए जा रहे हैं।

Back to top button