राजनीति

पूर्व विधायक पहाड़सिंह कन्नौजे नहीं रहे, बागली अंचल ने खोया जनसेवा का समर्पित चेहरा

Share

 

उदयनगर (बाबू हनवाल)। बागली विधानसभा क्षेत्र के पूर्व विधायक एवं जनप्रिय नेता पहाड़सिंह कन्नौजे का बुधवार को आकस्मिक निधन हो गया।

उनके निधन से पूरे बागली विधानसभा क्षेत्र सहित देवास जिले में शोक की लहर दौड़ गई है। जनप्रतिनिधियों, सामाजिक संगठनों और क्षेत्रवासियों ने उनके निधन को अपूरणीय क्षति बताते हुए श्रद्धांजलि अर्पित की।

पहाड़सिंह कन्नौजे को क्षेत्र में ‘नर्मदा नायक’ के नाम से जाना जाता था। नर्मदा नदी और क्षेत्र के धार्मिक एवं सांस्कृतिक विकास के प्रति उनका विशेष योगदान रहा। बताया जाता है कि जिस समय धाराजी क्षेत्र में आवागमन और स्नान को लेकर कई तरह की कठिनाइयां थीं, उस समय उनके सतत प्रयासों से धाराजी घाट का निर्माण संभव हो सका। घाट बनने के बाद नर्मदा तट पर श्रद्धालुओं की आस्था को नया आयाम मिला और आज प्रत्येक अमावस्या सहित अन्य धार्मिक अवसरों पर हजारों श्रद्धालु यहां नर्मदा स्नान के लिए पहुंचते हैं।

पूर्व विधायक कन्नौजे अपने सरल स्वभाव, सहज व्यवहार और जनता के बीच लगातार सक्रिय रहने के लिए भी जाने जाते थे। उन्होंने अपने राजनीतिक जीवन में क्षेत्र के विकास, सड़क, पेयजल, धार्मिक स्थलों के विकास और जनसुविधाओं को प्राथमिकता दी। यही कारण रहा कि वे आमजन के बीच हमेशा लोकप्रिय रहे।

उनके निधन की खबर फैलते ही समर्थकों, शुभचिंतकों और क्षेत्र के लोगों में शोक का माहौल छा गया। लोगों ने उन्हें एक ऐसे जननेता के रूप में याद किया, जिन्होंने राजनीति को जनसेवा का माध्यम बनाया और अपने कार्यों से लोगों के दिलों में स्थायी स्थान बनाया।

पहाड़सिंह कन्नौजे का निधन बागली विधानसभा ही नहीं, बल्कि पूरे मालवा-निमाड़ क्षेत्र के लिए एक बड़ी क्षति है। उनके द्वारा किए गए विकास कार्य और जनसेवा की भावना लंबे समय तक लोगों की स्मृतियों में जीवित रहेगी।

पूर्व विधायक श्री कन्नौजे के आकस्मिक निधन  पर News one click परिवार गहरी शोक संवेदना व्यक्त करता है। ईश्वर दिवंगत आत्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान तथा शोकाकुल परिजनों को यह दुख सहन करने की शक्ति प्रदान करें। ॐ शांति।

Back to top button