एक पेड़ मां के नाम अभियान: देवास में पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का लिया संकल्प
बैठक में स्वच्छता, नशा मुक्ति और जल संरक्षण जैसे जनजागरूकता अभियानों की बनी रूपरेखा

देवास। पर्यावरण संरक्षण को जनआंदोलन बनाने के उद्देश्य से मध्य प्रदेश जन अभियान परिषद के मार्गदर्शन में शुक्रवार को ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के तहत नगर विकास समिति द्वारा मंदिर परिसर में पौधारोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया।
इस अवसर पर उपस्थित सभी लोगों ने पौधे लगाकर उनकी नियमित देखभाल और संरक्षण का संकल्प लिया तथा पर्यावरण बचाने का संदेश दिया।
कार्यक्रम में विकासखंड समन्वयक ने कहा कि मां के नाम पर लगाया गया प्रत्येक पौधा केवल एक वृक्ष नहीं, बल्कि आने वाली पीढ़ियों के सुरक्षित और स्वस्थ भविष्य का प्रतीक है। उन्होंने परिषद द्वारा संचालित विभिन्न जनहितकारी अभियानों में नागरिकों की सक्रिय भागीदारी का आह्वान किया।
पेड़ बचेंगे तो आने वाली पीढ़ियां सुरक्षित रहेंगी- राजपूत
तपस्या लोक कल्याण समिति के सेक्टर अध्यक्ष धर्मेंद्रसिंह राजपूत ने अपने संबोधन में कहा कि आज पर्यावरण संरक्षण हमारी सबसे बड़ी जिम्मेदारी है। एक पौधा लगाना प्रकृति के प्रति हमारी कृतज्ञता का प्रतीक है। यदि हर व्यक्ति अपनी मां के नाम एक पौधा लगाकर उसका संरक्षण करने का संकल्प ले, तो आने वाली पीढ़ियों को स्वच्छ हवा, हरियाली और सुरक्षित पर्यावरण मिल सकेगा। पेड़ बचाना ही समाज, प्रकृति और राष्ट्र की सच्ची सेवा है।
कार्यक्रम में नवांकुर संस्था के सदस्य, सामाजिक कार्यकर्ता एवं नगर विकास समिति के पदाधिकारी और सदस्य उपस्थित रहे। सभी ने पौधरोपण कर पौधों के संरक्षण का संकल्प लिया।
इसके बाद आयोजित समिति की बैठक में आगामी स्वच्छता अभियान, नशा मुक्ति जनजागरूकता और जल संरक्षण से जुड़े कार्यक्रमों की रूपरेखा पर विस्तार से चर्चा की गई। कार्यक्रम का समापन पर्यावरण संरक्षण का संदेश देकर किया गया।




