खेत-खलियान

मानसून अपडेट: एक ही दिन में हाटपीपल्या में 5 इंच से ज्यादा बारिश; जिले में औसतन 2.04 इंच पानी बरसा

Share

 

देवास। जिले में पिछले 24 घंटे के दौरान मानसून मेहरबान रहा। जिले में औसतन 2.04 इंच (51.89 मिमी) बारिश दर्ज की गई।

सबसे अधिक वर्षा हाटपीपल्या तहसील में 5.83 इंच (148 मिमी) रिकॉर्ड की गई, जबकि सोनकच्छ में 2.24 इंच (57 मिमी) और बागली में 3.50 इंच (89 मिमी) बारिश हुई। बारिश से किसानों के चेहरों पर खुशी लौट आई है और खरीफ फसलों को संजीवनी मिली है।

पिछले 24 घंटे में तहसीलवार वर्षा
देवास: 1.54 इंच (39 मिमी)
टोंकखुर्द: 1.10 इंच (28 मिमी)
सोनकच्छ: 2.24 इंच (57 मिमी)
हाटपीपल्या: 5.83 इंच (148 मिमी)
बागली: 3.50 इंच (89 मिमी)
उदयनगर: 2.95 इंच (75 मिमी)
कन्नौद: 0.94 इंच (24 मिमी)
सतवास: 0.00 इंच (0 मिमी)
खातेगांव: 0.28 इंच (7 मिमी)

Dewas rain record

जिले में 1 जून 2026 से 8 जुलाई 2026 तक जिले में कुल 17.79 इंच (451.78 मिमी) औसत वर्षा दर्ज की जा चुकी है, जबकि पिछले वर्ष इसी अवधि में यह 7.89 इंच (200.28 मिमी) थी। इस प्रकार इस वर्ष अब तक सामान्य से कहीं अधिक वर्षा दर्ज की गई है, जिससे जलाशयों, नदियों और खेतों में पानी की उपलब्धता बेहतर हुई है।

बारिश से मौसम हुआ सुहावना
लगातार हो रही बारिश से देवास जिले में मौसम पूरी तरह सुहावना हो गया है। सुबह और शाम ठंडी हवाएं चलने से लोगों को उमस और गर्मी से राहत मिली है। खेतों, पहाड़ियों और सड़कों के किनारे हरियाली की चादर बिछने लगी है, जिससे प्राकृतिक सौंदर्य भी निखर गया है।

बारिश का सबसे अधिक लाभ किसानों को मिला है। सोयाबीन, मक्का और अन्य खरीफ फसलों के लिए पर्याप्त नमी मिलने से फसलों की बढ़वार बेहतर होने की उम्मीद है। वहीं तालाबों, कुओं और छोटे जलाशयों में भी पानी की आवक बढ़ी है, जिससे आने वाले दिनों में जल संकट की संभावना कम होगी।

हालांकि मौसम विभाग ने आगामी दिनों में भी कई स्थानों पर बारिश की संभावना जताई है। ऐसे में प्रशासन ने नागरिकों से नदी-नालों और जलभराव वाले क्षेत्रों में अनावश्यक जाने से बचने तथा सावधानी बरतने की अपील की है।
बारिश ने जहां मौसम को खुशनुमा बनाया है, वहीं किसानों और आमजन के चेहरों पर भी राहत और खुशी साफ दिखाई देने लगी है।

Back to top button