राजनीति

डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी की 125वीं जयंती पर 6 जुलाई को भाजपा का जिला कार्यकर्ता सम्मेलन

Share

 

 

कैबिनेट मंत्री प्रहलाद पटेल एवं प्रदेश महामंत्री गौरव रणदिवे करेंगे कार्यकर्ताओं का मार्गदर्शन

देवास। भारतीय जनता पार्टी द्वारा डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी की 125वीं जयंती के उपलक्ष्य में 23 जून से 6 जुलाई तक आयोजित ‘स्मरण पक्ष’ के समापन अवसर पर सोमवार, 6 जुलाई को जिला कार्यकर्ता सम्मेलन का आयोजन किया जाएगा। यह सम्मेलन सायं 5 बजे से क्षिप्रा मैरिज गार्डन, क्षिप्रा में आयोजित होगा।

भाजपा जिला अध्यक्ष डॉ. रायसिंह सेंधव एवं क्षेत्रीय विधायक मनोज चौधरी ने जिले के सभी पदाधिकारियों, जनप्रतिनिधियों, मोर्चा एवं प्रकोष्ठ पदाधिकारियों तथा कार्यकर्ताओं से अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित होकर सम्मेलन को सफल बनाने का आह्वान किया है।

सम्मेलन में मध्यप्रदेश शासन के कैबिनेट मंत्री प्रहलाद पटेल मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहेंगे, जबकि भाजपा प्रदेश महामंत्री गौरव रणदिवे कार्यकर्ताओं का मार्गदर्शन करेंगे। कार्यक्रम में जिले के सांसद, विधायकगण, समस्त जनप्रतिनिधि, वरिष्ठ कार्यकर्ता, देवास, हाटपीपल्या एवं सोनकच्छ विधानसभा क्षेत्रों की सभी बूथ समितियों के सदस्य तथा सक्रिय सदस्य बड़ी संख्या में शामिल होंगे।

जिलाध्यक्ष डॉ. रायसिंह सेंधव ने कहा कि डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी का राष्ट्रहित, सांस्कृतिक राष्ट्रवाद एवं अखंड भारत के प्रति समर्पित जीवन प्रत्येक कार्यकर्ता के लिए प्रेरणा का स्रोत है। स्मरण पक्ष के समापन पर आयोजित यह सम्मेलन संगठन को और अधिक सशक्त बनाने तथा आगामी संगठनात्मक कार्यक्रमों की रूपरेखा तय करने की दृष्टि से अत्यंत महत्वपूर्ण रहेगा।

उन्होंने सभी कार्यकर्ताओं से आग्रह किया कि 6 जुलाई की सुबह अपने-अपने बूथों पर डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर श्रद्धांजलि दें। साथ ही ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के अंतर्गत अधिक से अधिक पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश जन-जन तक पहुंचाएं। उक्त जानकारी भाजपा जिला मीडिया प्रभारी कमल अहिरवार ने दी।

Back to top button