धर्म-अध्यात्म

रिमझिम बारिश में गूंजा ‘नंद के घर आनंद भयो’, आधी रात खुला पर्दा तो हुए लड्डू गोपाल के अलौकिक दर्शन

Share

 

बेहरी (हीरालाल गोस्वामी)। रिमझिम बारिश की फुहारें, मंदिरों में जगमगाती विद्युत लडिय़ां और भक्ति में डूबे श्रद्धालु… कुछ ऐसा ही नजारा शुक्रवार रात बेहरी क्षेत्र में देखने को मिला।

कृष्ण जन्माष्टमी के अवसर पर क्षेत्र के सभी मंदिरों में भगवान श्रीकृष्ण का जन्मोत्सव धूमधाम से मनाया गया। बारिश के बावजूद श्रद्धालुओं का उत्साह कम नहीं हुआ और बड़ी संख्या में लोग मंदिरों में पहुंचकर जन्मोत्सव के साक्षी बने।

बेहरी का राधा-कृष्ण मंदिर कृष्ण भक्तों के लिए आस्था का प्रमुख केन्द्र है। जन्माष्टमी पर यहां लड्डू गोपाल को विशेष झूले में विराजित कर आकर्षक श्रृंगार किया गया। रात होते-होते मंदिर परिसर श्रद्धालुओं से भर गया। रात करीब 10 बजे से शुरू हुई रिमझिम बारिश भी भक्तों के कदम नहीं रोक सकी।

आधी रात खुला पर्दा, श्रद्धालुओं ने किए अलौकिक दर्शन

श्री राधा-कृष्ण मंदिर में जन्मोत्सव कार्यक्रम रात 11 बजे से शुरू हुआ। विभिन्न धार्मिक कार्यक्रमों के बाद जैसे ही रात के 12 बजे, मंदिर में लगाए गए पर्दे को खोला गया। पर्दा खुलते ही श्रद्धालुओं ने विशेष श्रृंगार में विराजित लड्डू गोपाल के दर्शन किए। इस दौरान मंदिर परिसर भगवान श्रीकृष्ण के जयकारों से गूंज उठा।

श्रद्धालुओं ने श्रीफल (नारियल) अर्पित कर भगवान का पूजन किया। इसके बाद पुजारी राजेश बैरागी ने विशेष आरती कराई। आरती के दौरान पूरा वातावरण कृष्ण भक्ति में डूबा नजर आया। जन्मोत्सव का यह सिलसिला रात करीब 1 बजे तक चलता रहा। इसके बाद श्रद्धालुओं को प्रसाद एवं पंचामृत वितरित किया गया और वे भगवान के दर्शन कर अपने घरों की ओर रवाना हुए।

बारिश के बीच भी मंदिरों में उमड़ी आस्था

जन्माष्टमी को लेकर क्षेत्र के मंदिरों में पहले से ही विशेष तैयारियां की गई थीं। श्री मनकामेश्वर भोमिया जी मंदिर, राधा-कृष्ण मंदिर, मां कात्यायनी मंदिर, श्री राम मंदिर, लक्ष्मी नारायण मंदिर, नरसिंह मंदिर और लक्ष्मी नाथ मंदिर को आकर्षक ढंग से सजाया गया था।

मंदिर परिसरों की विशेष साफ-सफाई के साथ विद्युत लडिय़ों से सजावट की गई, जिससे रात के समय मंदिरों की सुंदरता देखते ही बन रही थी। बारिश की फुहारों के बीच रोशनी से जगमगाते मंदिर और भगवान श्रीकृष्ण के जयकारों ने पूरे क्षेत्र को भक्तिमय बना दिया।

Back to top button