क्राइम

बरझाई घाट के जलेबी मोड़ पर फिर हादसा

Share

 

– सीमेंट से भरा ट्राला खाई में गिरा, चालक सुरक्षित

पुंजापुरा (बाबू हनवाल)। बागली अनुविभाग के बरझाई घाट स्थित जलेबी मोड़ पर शनिवार दोपहर एक बार फिर हादसा हो गया।

सीमेंट से भरा एक ट्राला मोड़ पर संतुलन खो बैठा और सीधे सड़क किनारे खाई में जा गिरा। हादसे में किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई, लेकिन ट्राला दो हिस्सों में बंट गया और पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।

शनिवार दोपहर करीब 12 बजे नंबर आरजे-69 जीडी-7488 का सीमेंट से भरा ट्राला पुंजापुरा की ओर आ रहा था। बरझाई घाट के जलेबी मोड़ पर वाहन चालक ट्राले को सुरक्षित मोड़ नहीं दिला सका, जिससे ट्राला सीधे नीचे खाई में जा गिरा। दुर्घटना इतनी भीषण थी कि ट्राला दो हिस्सों में अलग हो गया और उसके सभी पहिए ऊपर की ओर हो गए। राहत की बात यह रही कि हादसे में चालक सहित किसी भी व्यक्ति को गंभीर चोट नहीं आई।

स्थानीय लोगों के अनुसार बरझाई घाट का यह जलेबी मोड़ दुर्घटनाओं का केंद्र बन चुका है। इससे पहले भी यहां कई भारी वाहन दुर्घटनाग्रस्त होकर खाई में गिर चुके हैं।

इस संबंध में प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के प्रबंधक संतोष मंसारे ने बताया कि सड़क निर्माण एवं चौड़ीकरण के लिए पहले टेंडर जारी किया गया था, लेकिन कोई ठेकेदार आगे नहीं आया। अब दोबारा टेंडर प्रक्रिया शुरू की जाएगी, जिसके बाद सड़क का चौड़ीकरण कराया जाएगा।

Back to top button