ए ग्रेड की मंडी में दीपावली पर भी सफाई को लेकर अव्यवस्था

Posted by

जगह-जगह फैल रही गंदगी, उड़ रही धूल, अनाज व्यापारी संघ ने की शिकायत

देवास। ए ग्रेड की कृषि उपज मंडी में दूर-दूर से किसान अनाज लेकर आते हैं। बड़ी संख्या में व्यापारी इस मंडी में किसानों का अनाज खरीदते हैं। अनाज की खरीदी-बिक्री से मंडी को भरपूर राजस्व प्राप्त होता है। करोड़ों का राजस्व प्राप्त होने के बावजूद पिछले कई महीनों से मंडी में अव्यवस्था फैल रही है। रोशनी के पर्व दीपावली पर भी मंडी में सफाई को लेकर लापरवाही बरती जा रही है। पर्व पर सफाई नहीं होने से आहत अनाज व्यापारी संघ को शिकायत करना पड़ी, लेकिन फिर भी सफाई को लेकर खानापूर्ति हो रही है।

देवास की कृषि उपज मंडी में न केवल देवास जिला, बल्कि आसपास के अन्य जिलों से भी किसान अनाज लेकर आते हैं। सीजन में आवक 40 से 50 हजार क्विंटल तक और कई बार तो इससे भी अधिक पहुंच जाती है। आवक एवं राजस्व को देखते हुए मंडी को ए ग्रेड मिली है, लेकिन ए ग्रेड की इस मंडी में सफाई सहित अन्य व्यवस्था डी ग्रेड की है। अब चूंकि दीपावली का पर्व है और सारे शहर में सफाई करवाई जा रही है। ऐसे में मंडी परिसरों में कचरा एवं गंदगी फैल रही है। जगह-जगह पॉलीथिन, डिस्पोजेबल, धूल-मिट्टी परिसर में फैली हुई है। हवा चलने पर ये कचरा सभी दूर फैल रहा है। मंडी के प्लेटफार्म, जहां पर अनाज की नीलामी होती, वे भी धूल-मिट्टी से सने हुए हैं। इसी गंदगी के बीच अनाज की नीलामी होती है। सब्जी मंडी में तो हाल और भी दयनीय है। यहां जगह-जगह सब्जी का कचरा फैला हुआ नजर आता है। सड़ी हुई सब्जियाें के ढेर भी कर रखे हैं, जिसकी बदबू दूर-दूर तक फैलती है। मंडी प्रशासन का कार्यालय मंडी के क्रमांक एक में स्थित है, लेकिन यहां भी अव्यवस्था फैली हुई है। व्यापारियों द्वारा बार-बार शिकायत करने पर भी सफाई के इंतजाम को लेकर खानापूर्ति ही होती रही है।

मंडी अनाज व्यापारी संघ के अध्यक्ष पुष्पेंद्र महाजन ने बताया, कि कृषि उपज मंडी के तीनों परिसरों में सफाई को लेकर लापरवाही बरती जा रही है। हमने मंडी प्रशासन को वाट्सएप पर गंदगी के फोटो तक सेंड किए और उनसे सफाई के लिए निवेदन किया। इसके बावजूद सफाई नहीं हो रही है। मंडी परिसर में गंदगी फैल रही है, धूल उड़ रही है। कम से कम दीपावली के त्योहार पर तो सफाई पर इन्हें ध्यान देना था।

भारतीय किसान संघ के जिला मंत्री शेखर पटेल का कहना है, कि मंडी परिसर में सफाई व्यवस्था पर ध्यान नहीं दिया जा रहा है। यहां पानी की टंकी के पास भी गंदगी है। परिसर में जगह-जगह गंदगी फैल रही है। डामर उखड़ रहा है। किसान अनाज लेकर आते हैं तब मंडी प्रशासन को राजस्व प्राप्त होता है, लेकिन मंडी प्रशासन द्वारा यहां की व्यवस्था पर ध्यान नहीं दिया जा रहा। जिला मंत्री श्री पटेल ने बताया, कि कुछ महीने पहले भी हमने मंडी प्रशासन को सफाई व्यवस्था को लेकर अवगत कराया था, लेकिन इसके बाद भी व्यवस्था में सुधार नहीं हुआ।

इधर इस पूरे मामले में मंडी सचिव राजेश साकेत से फोन पर चर्चा का प्रयास किया गया, लेकिन उन्होंने फोन रिसीव नहीं किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *