
देवास। दीपावली पर पटाखों की दुकानों में सुरक्षा इंतजामों का जायजा लेने पहुंचे नवागत एसपी ने निरीक्षण के दौरान एक ऐसी पहल की, जिसने इस निरीक्षण को खास बना दिया।
उन्होंने दुकानदारों से अनाथालय के बच्चों को एक-एक पटाखा देने की अपील की, ताकि आर्थिक अभाव में त्योहार की खुशियों से दूर रहने वाले बच्चे भी दीपावली का उत्साह महसूस कर सकें। इतना ही नहीं, वृद्धाश्रम और अनाथालय के लोगों के साथ पुलिस लाइन में दीपावली मनाने की बात भी की।
सुरक्षा इंतजामों का लिया जायजा, लापरवाही नहीं बरतने के निर्देश–
दीपावली पर्व को देखते हुए नवागत एसपी आदित्य मिश्रा गुरुवार को उज्जैन रोड स्थित एमआर-10 पटाखा बाजार पहुंचे। यहां उन्होंने पटाखा दुकानों का निरीक्षण कर सुरक्षा व्यवस्थाओं की जानकारी ली। एसपी ने दुकानों में रखे अग्निशमन यंत्र, पानी की उपलब्धता, दुकानों के बीच निर्धारित सुरक्षित दूरी सहित अन्य सुरक्षा इंतजामों को बारीकी से देखा। उन्होंने दुकानदारों को सुरक्षा मानकों का पालन करने और किसी भी स्थिति में लापरवाही नहीं बरतने के निर्देश दिए।
दुकानदारों से बोले- अनाथ बच्चों को भी दें एक-एक पटाखा–
निरीक्षण के दौरान एसपी ने दुकानदारों से एक ऐसी अपील की, जो इस दौरे की सबसे खास बात रही। उन्होंने कहा कि शहर के अनाथालय में रहने वाले बच्चों को सभी दुकानदार अपनी ओर से एक-एक पटाखा जरूर दें। इससे इन बच्चों के चेहरे पर भी दीपावली की खुशी आएगी और वे भी दूसरे बच्चों की तरह त्योहार का आनंद ले सकेंगे।
एसपी ने वृद्धाश्रम में रहने वाले बुजुर्गों का जिक्र करते हुए कहा कि एक ही स्थान पर रहने के कारण कई बार वे अकेलापन और ऊब महसूस करते हैं। इसी को ध्यान में रखते हुए देवास पुलिस लाइन में दीपावली मिलन समारोह आयोजित किया जाएगा। इसमें वृद्धाश्रम के बुजुर्गों और अनाथालय के लोगों को आमंत्रित कर उनके साथ त्योहार की खुशियां साझा की जाएंगी।
पटाखा बाजार के निरीक्षण के दौरान सुरक्षा निर्देशों के साथ बच्चों और बुजुर्गों के प्रति संवेदनशीलता का यह संदेश भी सामने आया। एसपी की इस पहल की शहर में चर्चा हो रही है।
रिपोर्ट: ओमप्रकाश सेन



