क्राइम

Dewas दूध के वाहन ने बाइक को मारी टक्कर, मां-बेटी की दर्दनाक मौत

हादसे में मां ने मौके पर तोड़ा दम, अस्पताल में बेटी ने भी जिंदगी की जंग हारी

Share

 

देवास। भोपाल बायपास चौराहे पर शुक्रवार दोपहर तेज रफ्तार ने एक हंसते-खेलते परिवार की खुशियां छीन लीं। दूध के टैंकर की टक्कर से बाइक सवार मां-बेटी की दर्दनाक मौत हो गई।

हादसा इतना भीषण था कि 41 वर्षीय महिला ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया, जबकि उनकी 19 वर्षीय बेटी ने जिला अस्पताल में उपचार के दौरान आखिरी सांस ली।

जानकारी के अनुसार, निपानिया निवासी पप्पूसिंह अपनी रिश्तेदार शांताबाई कुशवाह और उनकी बेटी पायल को बाइक पर बैठाकर उपचार के लिए देवास आ रहे थे। तीनों भोपाल बायपास चौराहे पर पहुंचे ही थे कि इसी दौरान तेज गति से आ रहे दूध के टैंकर ने उनकी बाइक को साइड से जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर लगते ही बाइक सवार सड़क पर जा गिरे। हादसे में शांताबाई को गंभीर चोटें आईं और उन्होंने मौके पर ही दम तोड़ दिया।

वहीं, 19 वर्षीय पायल गंभीर रूप से घायल हो गई। उसे तत्काल जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे बचाने के लिए हरसंभव प्रयास किए, लेकिन तमाम कोशिशों के बावजूद पायल की जान नहीं बचाई जा सकी। उपचार के दौरान उसने भी दम तोड़ दिया। जिस सफर पर तीनों उपचार की उम्मीद लेकर निकले थे, वह परिवार के लिए कभी न भूलने वाला दर्द बन गया।

Back to top button