क्राइम

दशहरे की रात ट्रैक्टर-ट्रॉली हादसे में एक की मौत, साथी गंभीर घायल

Share

 

बेहरी (हीरालाल गोस्वामी)। दशहरा पर्व के दिन मंगलवार की रात बेहरी क्षेत्र में दो अलग-अलग सड़क हादसे हुए। रामपुरा-गुवाड़ी मार्ग पर कृषि कार्य के लिए जा रहे दो लोग ट्रैक्टर-ट्रॉली दुर्घटनाग्रस्त होने से हादसे का शिकार हो गए।

दुर्घटना में एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसका साथी गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल को बागली सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में प्राथमिक उपचार देने के बाद गंभीर हालत में इंदौर रेफर किया गया। वहीं, दूसरी घटना में बागली-धावड़िया मार्ग पर बेहरी के समीप एक पिकअप वाहन की टक्कर से भैंस की मौत हो गई।

जानकारी के अनुसार, रामपुरा निवासी सुनील पिता गजराज सिंह और रामकरण पिता गुलाब मंगलवार रात करीब 9 बजे ट्रैक्टर-ट्रॉली से कृषि कार्य के लिए गुवाड़ी जा रहे थे। इसी दौरान गुवाड़ी मार्ग पर दयाराम के घर के पास ट्रैक्टर-ट्रॉली अचानक असंतुलित होकर दुर्घटनाग्रस्त हो गई। हादसे में सुनील की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि रामकरण गंभीर रूप से घायल हो गया।

घायल को बागली से इंदौर किया रेफर-
दुर्घटना के बाद घायल रामकरण को उपचार के लिए बागली सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लाया गया। यहां चिकित्सकों ने उसका प्राथमिक उपचार किया। हालत गंभीर होने के कारण उसे बेहतर उपचार के लिए इंदौर रेफर कर दिया गया। हादसे की सूचना मिलने के बाद मृतक के परिजनों में शोक छा गया।

हादसे में जान गंवाने वाले सुनील के शव को पोस्टमार्टम के लिए बागली अस्पताल लाया गया। आवश्यक प्रक्रिया पूरी करने के बाद पोस्टमार्टम किया गया और शव परिजनों को सौंप दिया गया। दशहरा पर्व की रात हुए इस हादसे से रामपुरा क्षेत्र में शोक का माहौल रहा।

पिकअप की टक्कर से भैंस की मौत-
इसी रात दूसरी घटना बागली-धावड़िया रोड पर बेहरी के समीप हुई। यहां एक पिकअप वाहन असंतुलित होकर सड़क पर जा रही भैंस से टकरा गया। टक्कर इतनी जोरदार थी कि भैंस की मौके पर ही मौत हो गई।

 

Back to top button