शिक्षा

बीकॉम रिजल्ट में 5 से ज्यादा विषयों में ATKT पर अभाविप का सवाल, जांच की मांग

विक्रम विश्वविद्यालय के परिणाम को लेकर विद्यार्थियों में असंतोष, ज्ञापन सौंपकर अभाविप ने दी चरणबद्ध आंदोलन की चेतावनी

Share

देवास। विक्रम विश्वविद्यालय के बीकॉम प्रथम वर्ष के परीक्षा परिणाम को लेकर विद्यार्थियों की नाराजगी अब सामने आने लगी है।

अभाविप ने परिणाम में बड़ी संख्या में विद्यार्थियों को पांच या उससे अधिक विषयों में एटीकेटी दिए जाने पर सवाल उठाते हुए इसे गंभीर अनियमितता बताया है। परिषद ने कुलपति के नाम ज्ञापन सौंपकर परिणाम की निष्पक्ष जांच, विसंगतियों का निराकरण और संशोधित परिणाम जारी करने की मांग की है। साथ ही मांग पूरी नहीं होने पर चरणबद्ध आंदोलन की चेतावनी दी है।

अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद ने विक्रम विश्वविद्यालय द्वारा घोषित बीकॉम प्रथम वर्ष के परीक्षा परिणाम में गंभीर अनियमितताओं का आरोप लगाया है। अभाविप के विभाग संयोजक दक्ष यादव ने बताया कि बीकॉम प्रथम वर्ष के घोषित परिणाम में बड़ी संख्या में विद्यार्थियों को पांच या उससे अधिक विषयों में एटीकेटी (सप्लीमेंट्री) दी गई है। इससे विद्यार्थियों में असंतोष और भ्रम की स्थिति बनी हुई है।

परिषद का कहना है कि परिणाम में तकनीकी या मूल्यांकन संबंधी त्रुटियों की संभावना से इनकार नहीं किया जा सकता, इसलिए विश्वविद्यालय को पूरे मामले की गंभीरता से जांच करनी चाहिए।

ज्ञापन में उल्लेख किया गया है कि विश्वविद्यालय द्वारा विभिन्न जिलों के महाविद्यालयों के प्राध्यापकों को इस संबंध में बुलाया जा रहा है, लेकिन केवल औपचारिकता निभाने के बजाय विद्यार्थियों के हित में परिणामों का पुनः परीक्षण कर त्रुटियों का निराकरण किया जाना आवश्यक है।

परिषद ने मांग की है कि सभी विसंगतियों को दूर कर संशोधित परीक्षा परिणाम जारी किया जाए, ताकि विद्यार्थियों का भविष्य प्रभावित न हो।

छात्रावास किराए में हुई वृद्धि को लेकर विद्यार्थी परिषद के कार्यकर्ताओं ने विक्रम यूनिवर्सिटी का किया घेराव

Back to top button