
सतवास (विजयसिंह गौड़)। बारिश के बीच गारबाड़ी खाल नाले में बाढ़ का पानी तीन साल के मासूम के लिए काल बन गया। बुधवार शाम मोहाई-बापचा मार्ग पर रपटे के पास अचानक तेज हुए पानी के बहाव में मासूम बह गया।
ये भी पढ़ें Heavy rain मूसलाधार बारिश से नदी-नाले उफान पर
तलाश शुरू कर दी गई, लेकिन अंधेरा होने के कारण रात में अभियान रोकना पड़ा। गुरुवार सुबह फिर सर्च ऑपरेशन शुरू हुआ और करीब 16 घंटे बाद मासूम का शव नाले की झाड़ियों में मिला।
जानकारी के अनुसार बुधवार शाम तीन बच्चे नाले के आसपास से गुजर रहे थे। इसी दौरान अचानक पानी का बहाव बढ़ गया और मासूम अन्यांश पानी के तेज बहाव के साथ बह गया। घटना से आसपास मौजूद लोगों में हड़कंप मच गया। ग्रामीणों ने तत्काल डायल-112 पर सूचना दी।
ये भी पढ़ें: दो साथियों को बचाया, तीसरे को बचाने गया तो खुद भी डूब गया: भैरवकुंड में दो युवकों की दर्दनाक मौत
सूचना मिलते ही सतवास पुलिस और प्रशासनिक अमला मौके पर पहुंचा। एसडीआरएफ की टीम को भी बुलाया गया। सतवास पुलिस के लोकेंद्र शर्मा, रवि जाधव सहित पुलिसकर्मियों और ग्रामीणों ने नाले के आसपास तलाश शुरू की। देर रात तक अभियान चलाया गया, लेकिन अंधेरा होने और पानी के बहाव के कारण मासूम का पता नहीं चल सका।
ये भी पढ़ें: कुंड में नहाने गए युवक की डूबने से मौत
रात में सर्च अभियान रोकने के बाद गुरुवार सुबह दोबारा तलाश शुरू की गई। टीम ने नाले के आसपास के हिस्सों और पानी के बहाव की दिशा में सघन सर्चिंग की। करीब 16 घंटे बाद झाड़ियों में मासूम का शव फंसा हुआ मिला। शव बाहर निकालकर सतवास सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया, जहां पोस्टमार्टम की कार्रवाई के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया।
ये भी पढ़ें: उफनती नदियों के बीच बड़ा रेस्क्यू ऑपरेशन, आगर-मालवा में 380 लोग सुरक्षित निकाले
बारिश के बीच रपटों और नालों पर बढ़ा खतरा-
लगातार बारिश के कारण क्षेत्र के नदी-नालों में पानी का स्तर तेजी से बढ़ रहा है। कई स्थानों पर रपटों के ऊपर से पानी बहने की स्थिति बन रही है। प्रशासन द्वारा लोगों से ऐसे स्थानों पर सावधानी बरतने और पानी के बहाव के बीच रास्ता पार नहीं करने की अपील लगातार की जा रही है। इसके बावजूद बरसात के दौरान इस तरह की घटनाएं चिंता बढ़ा रही हैं।




