Uncategorized

कांकड़दा विद्यालय में टीएसीसी लिमिटेड ने सौंपे शौचालय व वर्षा जल संचयन प्रणाली

Share

 

भौंरासा (मनोज शुक्ला)। सोनकच्छ तहसील के ग्राम कांकड़दा स्थित शासकीय माध्यमिक विद्यालय में टीएसीसी लिमिटेड के सहयोग से निर्मित शौचालय एवं वर्षा जल संचयन (रेन वाटर हार्वेस्टिंग) प्रणाली का विद्यालय को विधिवत हस्तांतरण किया गया।

इस पहल से विद्यार्थियों, विशेषकर छात्राओं को स्वच्छ, सुरक्षित एवं सम्मानजनक वातावरण उपलब्ध होगा, वहीं विद्यालय परिसर में वर्षा जल संरक्षण को भी बढ़ावा मिलेगा।

लोकार्पण एवं हस्तांतरण कार्यक्रम टीएसीसी लिमिटेड के सस्टेनेबिलिटी एवं ईएसजी विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों संजय गैरोला, डॉ. सतीश सैनी, जयवर्धन सिंह राठौड़ एवं अमरजीत सिंह की उपस्थिति में आयोजित किया गया। कार्यक्रम में राजकिरण इंटरप्राइजेज के नितिन बारोडे एवं उदय राज ठाकुर भी मौजूद रहे।

कार्यक्रम के दौरान टीएसीसी लिमिटेड ने विद्यालय परिवार को नव निर्मित सुविधाओं का औपचारिक रूप से हस्तांतरण किया। विद्यालय की प्रधानाध्यापिका प्रियंका चौधरी ने संस्था के प्रति आभार व्यक्त करते हुए अभिनंदन पत्र भेंट किया। उन्होंने कहा कि यह सहयोग शिक्षा, स्वच्छता, स्वास्थ्य, जल संरक्षण और सामाजिक उत्तरदायित्व की दिशा में एक प्रेरणादायक पहल है। साथ ही उन्होंने भविष्य में भी इसी प्रकार सहयोग मिलने की अपेक्षा जताई।

इस अवसर पर शिक्षिका रश्मि श्रीवास्तव, शिक्षक सलीम हुसैन, जनशिक्षक दिनेशपुरी गोस्वामी सहित ग्राम के गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। विद्यालय परिवार ने सभी अतिथियों का स्वागत करते हुए टीएसीसी लिमिटेड के प्रति हार्दिक कृतज्ञता व्यक्त की।

 

Back to top button