
देवास। जिले में अवैध शराब के कारोबार पर शिकंजा कसते हुए आबकारी विभाग ने गुरुवार को शहर के बिहारीगंज क्षेत्र में बड़ी कार्रवाई की। गश्त के दौरान टीम ने 70 पाव देशी-विदेशी शराब के साथ एक एक्टिवा वाहन जब्त किया और एक आरोपी को गिरफ्तार किया।
कलेक्टर ऋतुराज सिंह के निर्देशन तथा जिला आबकारी अधिकारी बसंती भूरिया के मार्गदर्शन में सहायक जिला आबकारी अधिकारी दिलीप कनासे एवं निलेश पंवार के नेतृत्व में जिलेभर में अवैध मदिरा के निर्माण, संग्रहण, विक्रय और परिवहन के विरुद्ध लगातार अभियान चलाया जा रहा है।
इसी अभियान के तहत गुरुवार को आबकारी विभाग की टीम ने देवास शहर के बिहारीगंज, बस स्टैंड सहित विभिन्न क्षेत्रों में गश्त कर कार्रवाई की। इस दौरान 40 पाव देशी मदिरा और 30 पाव विदेशी मदिरा बरामद की गई। मौके से शराब के परिवहन में प्रयुक्त एक एक्टिवा वाहन भी जब्त किया गया।

कार्रवाई के दौरान बिहारीगंज निवासी को गिरफ्तार किया गया। मध्यप्रदेश आबकारी अधिनियम, 1915 की धारा 34(1)(क) के तहत दो प्रकरण दर्ज किए गए हैं। विभाग के अनुसार जब्त शराब और वाहन का कुल अनुमानित मूल्य करीब 58 हजार रुपये है।
कार्रवाई में आबकारी उपनिरीक्षक प्रेम यादव एवं राजाराम रायकवार के साथ आबकारी आरक्षक निहाल खत्री, बालकृष्ण जायसवाल, आशीष गुप्ता, सुरेन्द्र वर्षी और निकिता परमार शामिल रहे। विभाग ने स्पष्ट किया है कि जिले में अवैध शराब के कारोबार के खिलाफ इस तरह की कार्रवाई आगे भी लगातार जारी रहेगी।




