देवास में मौसम ने ली करवट, तेज बारिश से गर्मी से राहत

देवास। शनिवार सुबह मौसम ने अचानक करवट ले ली। सुबह हुई तेज बारिश ने भीषण गर्मी और लू से परेशान लोगों को बड़ी राहत दी। हालांकि बारिश के साथ कई क्षेत्रों में बिजली भी गुल हो गई, जिससे लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा। सोशल मीडिया पर नागरिकों ने बिजली बंद होने को लेकर नाराजगी जाहिर की।
उल्लेखनीय है, कि पिछले कई दिनों से भीषण गर्मी का दौर जारी था। तेज धूप, गर्म हवाओं और लू के कारण तापमान लगातार 42-43 डिग्री सेल्सियस के बीच बना हुआ था। ऐसे में शनिवार सुबह अचानक मौसम बदल गया और शहर में कुछ देर के लिए तेज बारिश हुई। बारिश होने से वातावरण में ठंडक घुल गई और लोगों को गर्मी से काफी राहत मिली। सुबह के समय मौसम सुहावना होने से शहरवासियों के चेहरे खिल उठे। कई लोग घरों की छतों और बालकनियों से बारिश का नजारा लेते दिखाई दिए।
हालांकि बारिश के साथ ही शहर की कई कॉलोनियों में बिजली आपूर्ति बाधित हो गई। बिजली गुल होने से लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा। कई लोगों ने सोशल मीडिया पर अपनी नाराजगी व्यक्त करते हुए बिजली विभाग की व्यवस्था व मेंटेनेंस पर सवाल उठाए।
मौसम विभाग और इंटरनेट वेदर रिपोर्ट के अनुसार बारिश के बाद तापमान में लगभग 2 डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज की गई है। शनिवार को अधिकतम तापमान 38 डिग्री सेल्सियस तथा न्यूनतम तापमान 23 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है। मौसम विशेषज्ञों के अनुसार दिन में अधिकांश समय आसमान में बादल छाए रहने के आसार हैं, जिससे लोगों को गर्मी से राहत मिल सकती है।
बारिश के बाद किसानों और आम नागरिकों में उत्साह है। यदि मौसम इसी प्रकार बना रहता है तो भीषण गर्मी से परेशान लोगों को आने वाले दिनों में और राहत मिलने की उम्मीद है। 👇टिटहरी के 4 अंडों ने जगाई अच्छी बारिश की उम्मीद




