माता टेकरी पर लगी आग, दमदमा वाले हिस्से की ओर से भड़की थी लपटें

तेज हवा और सूखी घास बनी वजह, तीन घंटे की मशक्कत के बाद पाया गया काबू
देवास। शहर की माता टेकरी पर शुक्रवार दोपहर अचानक भीषण आग लग गई। आग सबसे पहले टेकरी के ऊपरी हिस्से ‘दमदमा’ क्षेत्र में भड़की, जिसके बाद तेज हवा और पहाड़ी पर फैली सूखी घास के कारण आग तेजी से फैलते हुए बड़ी माता मंदिर के ऊपरी हिस्से तक पहुंच गई। आग की चपेट में आने से वहां लगे सोलर पैनलों को भी आंशिक नुकसान पहुंचा है।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस, नगर निगम, फायर ब्रिगेड और स्थानीय लोगों ने तत्काल मोर्चा संभाल लिया। ऊपरी हिस्से में करीब दो घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर नियंत्रण पाया गया। इसके बाद बचाव दल परिक्रमा मार्ग के पास लगी आग बुझाने में जुट गया।
👉 सीड्स फैक्ट्री में लगी भीषण आग
पानी की कमी से बढ़ी परेशानी
पहाड़ी क्षेत्र होने और कई स्थानों तक पाइपलाइन नहीं पहुंच पाने के कारण राहत एवं बचाव कार्य में काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ा। बिजली गुल होने से पाइपलाइन से पानी की आपूर्ति भी बंद हो गई थी।
👉 भीषण आग: नेवरी फाटा में 4 झोपड़ियां जलकर खाक
शुरुआती दौर में टेकरी पर पानी की कमी के चलते आग बुझाने में अधिक समय लगा।
स्थानीय लोगों ने बाइक से कैन और डिब्बों में पानी भरकर पहुंचाया। फायर ब्रिगेड पहुंचने के बाद कार्य में तेजी आई, लेकिन तेज हवा के कारण आग बार-बार भड़कती रही।
श्रद्धालुओं में मची अफरा-तफरी-
आग लगने के दौरान मंदिर में दर्शन करने पहुंचे श्रद्धालुओं में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। करीब तीन घंटे की मशक्कत के बाद आग पर पूरी तरह काबू पाया जा सका।




