धर्म-अध्यात्म
भागवत कथा श्रवण से मनुष्य जीवन होता है पवित्र: धर्मेंद्र सिंह राजपूत

नापाखेड़ी में चल रही श्रीमद् भागवत कथा में पहुंचे मुख्यमंत्री सम्मानित कृषक, लिया आशीर्वाद
देवास। ग्राम नापाखेड़ी स्थित नर्मदेश्वर महाकाल मंदिर में श्रीमद् भागवत कथा का आयोजन किया जा रहा है।
कथा के दौरान मुख्यमंत्री से सम्मानित कृषक धर्मेंद्र सिंह राजपूत ने पहुंचकर कथावाचक पंडित राहुल दुबे से आशीर्वाद प्राप्त किया और कथा श्रवण की।
इस अवसर पर पं. राहुल दुबे ने धर्मेंद्र सिंह राजपूत का स्वागत करते हुए कहा कि श्रीमद् भागवत कथा केवल धार्मिक आयोजन नहीं, बल्कि जीवन को सही दिशा देने का माध्यम है। कथा मनुष्य को धर्म, सेवा, संस्कार और भक्ति के मार्ग पर चलने की प्रेरणा देती है।
धर्मेंद्रसिंह राजपूत ने कहा कि भागवत कथा सुनने से मनुष्य के जन्म-जन्मांतर के पाप कर्मों का नाश होता है। कथा से मन और विचारों में पवित्रता आती है तथा व्यक्ति को समाज और परिवार के प्रति अपने कर्तव्यों का बोध होता है। उन्होंने कहा कि संसार में सेवा का सबसे बड़ा महत्व है और माता-पिता की सेवा करने वाले व्यक्ति पर ईश्वर की विशेष कृपा बनी रहती है। कथा स्थल पर बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे। श्रद्धालुओं ने कथा श्रवण कर धर्म लाभ प्राप्त किया।




