प्रशासनिक

देवास में जनगणना कार्य का जमीनी निरीक्षण, कलेक्टर ने खुद देखी घर-घर सर्वे की प्रक्रिया

प्रगणक फील्ड में कार्य के दौरान पहचान पत्र अनिवार्य रूप से प्रदर्शित करें- कलेक्टर ऋतुराज सिंह

Share

 

जनगणना का फील्ड निरीक्षण, कलेक्टर ने प्रगणकों का बढ़ाया उत्साह, नागरिकों से की चर्चा

प्रगणकों को सही जानकारी उपलब्ध कराएं, यह भविष्य की योजनाओं के निर्माण में अत्यंत महत्वपूर्ण- कलेक्टर

देवास। राष्ट्रीय जनगणना-2027 के प्रथम चरण के तहत जिले में किए जा रहे मकान सूचीकरण के कार्य की प्रगति और गुणवत्ता का जायजा लेने के लिए कलेक्टर ऋतुराज सिंह स्वयं मैदान में उतरे।

उन्होंने देवास शहर के आवास नगर में घर-घर जाकर प्रगणकों द्वारा किए जा रहे कार्य का औचक निरीक्षण किया और प्रक्रिया की बारीकियों को समझा। इस दौरान नगर निगम आयुक्‍त दलीप कुमार, अपर कलेक्‍टर संजीव जैन, तहसीलदार सपना शर्मा सहित अन्‍य संबंधित अधिकारी उपस्थित थे।

निरीक्षण के दौरान कलेक्टर श्री सिंह ने एक प्रगणक द्वारा मकान सूचीकरण की पूरी प्रक्रिया को अपने समक्ष करवाकर देखा। प्रगणक ने निर्धारित प्रश्नों की प्रश्नावली के माध्यम से परिवार की जानकारी संकलित की। कलेक्टर श्री सिंह ने इस दौरान प्रगणकों से अब तक पूर्ण हो चुके कार्य और शेष लक्ष्य के बारे में जानकारी ली। साथ ही मकान सूचीकरण के तकनीकी पहलुओं को विस्तार से समझा।

👉 मकान सूचीकरण कार्य में लापरवाही पर प्रगणक निलंबित, कलेक्टर ने दिखाई सख्ती

कलेक्टर श्री सिंह ने कार्य की पारदर्शिता सुनिश्चित करने के लिए प्रगणकों को शासन द्वारा प्रदान की गई सामग्री और किट का मिलान किया। उन्होंने प्रगणकों के आईडी कार्ड की जांच की और निर्देश दिए कि फील्ड में कार्य के दौरान पहचान पत्र अनिवार्य रूप से प्रदर्शित करें। बेहतर कार्य करने वाले प्रगणकों का उत्साहवर्धन करते हुए कलेक्टर श्री सिंह ने उन्हें शुभकामनाएं भी दीं।

👉 जनगणना कार्य को लेकर चार्ज ऑफिसरों को दिया गया विशेष प्रशिक्षण

निरीक्षण के दौरान कलेक्टर श्री सिंह ने स्थानीय नागरिकों से चर्चा भी की। उन्होंने नागरिकों से अपील की कि वे प्रगणकों को सही और सटीक जानकारी उपलब्ध कराएं, क्योंकि यह डेटा भविष्य की योजनाओं के निर्माण में अत्यंत महत्वपूर्ण है। कलेक्टर श्री सिंह ने प्रगणकों को निर्देशित किया कि वे अत्यंत धैर्य और विनम्रता के साथ नागरिकों से जानकारी एकत्र करें।

👉 जनगणना 2027 के लिए जिले में शुरू हुई प्रत्येक घर की नंबरिंग

उल्‍लेखनीय है कि राष्ट्रीय जनगणना 2027 के प्रथम चरण के तहत जिले में मकान सूचीकरण (House Listing) का कार्य 30 मई 2026 तक किया जा रहा है। प्रगणक घर-घर जाकर मोबाइल ऐप के माध्यम से डेटा संग्रहण कर रहे हैं।

क्‍या पूछा जाएगा-
मकान सूचीकरण के दौरान प्रगणक नागरिकों से कुछ सामान्य और बुनियादी जानकारियां प्राप्त करेंगे, जिनमें मुख्य रूप से शामिल हैं: भवन की स्थिति और परिवार के सदस्यों की संख्या, परिवार के मुखिया का नाम, बुनियादी सुविधाएं जैसे नल कनेक्शन, बिजली, शौचालय/बाथरूम और गैस कनेक्शन, घरेलू संपत्ति जैसे रेडियो/टीवी, केबल कनेक्शन, साइकिल/मोटर साइकिल/कार, परिवार द्वारा उपयोग किया जाने वाला मुख्य अन्न, इंटरनेट, मोबाइल आदि।

👉 अब घर बैठे भरें जनगणना 2027 का मकान सूचीकरण फॉर्म, जानिए पूरी प्रक्रिया

क्‍या नहीं पूछा जाएगा-
प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि जनगणना कार्य के दौरान प्रगणक नागरिकों से किसी भी प्रकार के संवेदनशील दस्तावेज या निजी वित्तीय जानकारी की मांग नहीं करेंगे। नागरिक ध्यान रखें कि प्रगणकों द्वारा आधार कार्ड नंबर, पैन कार्ड नंबर या बैंक विवरण नहीं पूछा जाएगा। किसी भी प्रकार का ओटीपी (OTP) साझा करने की आवश्यकता नहीं है। प्रगणक के घर पहुंचने पर नागरिक अपनी संतुष्टि के लिए उनका आधिकारिक पहचान पत्र अवश्य चेक करें। जिले के नागरिक प्रगणकों को सही और सटीक जानकारी प्रदान करें।

Back to top button