मुख्यमंत्री कन्या विवाह एवं निकाह योजना अंतर्गत टोंकखुर्द में आयोजित हुआ विवाह समारोह

टोंकखुर्द (विजेंद्रसिंह ठाकुर)। जनपद पंचायत टोंकखुर्द द्वारा मुख्यमंत्री कन्या विवाह एवं निकाह योजना अंतर्गत मंडी प्रांगण टोंकखुर्द में विवाह समारोह का आयोजन किया गया।
इसमें 110 गरीबी रेखा के परिवार की पात्र कन्याओं का विवाह संपन्न कराया गया। शासन से निर्धारित 49 हजार रुपए प्रत्येक कन्या के बैंक खाते में डीबीडी के माध्यम से पहुंचाए गए एवं समस्त वर की बारात टोंकखुर्द में फ्रीगंज चौराहे से मंडी प्रांगण तक डीजे ढोल आदि के साथ निकाली गई। जगह-जगह पर सभी समाजजनों तथा व्यापारी संगठन ने स्वागत किया।कार्यक्रम संपन्न कराने हेतु 55 वेदी बनाई जाकर विधिवत विवाह संपन्न कराया गया। भोजन-पानी आदि की व्यवस्था पूर्ण रूप से सुनिश्चित की गई। आयोजन में सभी विभाग के अधिकारियों-कर्मचारियों ने उत्साह से भाग लेकर कार्यक्रम को सफल किया।
कार्यक्रम में विधायक सोनकच्छ डॉ. राजेश सोनकर ने कार्यक्रम में शासन की योजनाओं का उद्देश्य बताकर सभी वर-वधु को आगामी जीवन के लिए शुभ आशीष प्रदान कर उज्जवल भविष्य की कामना की एवं मंडप में जाकर वर वधु से चर्चा कर आशीर्वाद दिया।
कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्ष लीला अटारिया, जनपद पंचायत अध्यक्ष पोपसिंह ठाकुर, नरेंद्रसिंह पाटीदार, जितेंद्र मंडलोई, राजेश धाकड़, गोपाल कृष्ण व्यास आदि एवं अधिकारीगण उपस्थित थे।




