माहेश्वरी महिला संगठन का सम्मान व शपथ ग्रहण समारोह, NDA टॉपर आयुषी बाहेती का हुआ विशेष सम्मान

देवास। पप्पू एंड पप्पू रिसॉर्ट में माहेश्वरी महिला संगठन का कार्यसमिति सम्मान एवं शपथ ग्रहण समारोह आयोजित हुआ। कार्यक्रम में जहां नई कार्यकारिणी ने सेवा और संगठन के प्रति समर्पण की शपथ ली, वहीं NDA में ऑल इंडिया गर्ल्स रैंक 15 हासिल करने वाली आयुषी बाहेती का सम्मान पूरे समारोह का आकर्षण रहा।

कार्यक्रम की अध्यक्षता जिला अध्यक्ष ने की, वहीं वरिष्ठ मार्गदर्शक मंगला सिंगी एवं राजकुमारी इनानी का विशेष सानिध्य प्राप्त हुआ। समारोह में समाज की होनहार सुपुत्री आयुषी बाहेती का विशेष सम्मान किया गया। आयुषी ने देश की सबसे कठिन परीक्षाओं में से एक NDA (National Defence Academy) में ऑल इंडिया गर्ल्स रैंक 15 प्राप्त कर पूरे देश में देवास और माहेश्वरी समाज का नाम रोशन किया है। भविष्य में लेफ्टिनेंट बनकर देश की सेवा करने वाली आयुषी को संगठन की ओर से सम्मान पत्र (सर्टिफिकेट) प्रदान कर सम्मानित किया गया। समाज की इस लाड़ली की सफलता पर उपस्थित सभी सदस्यों ने हर्ष व्यक्त किया।

भक्तिमय शुरुआत-
कार्यक्रम का शुभारंभ सोनकच्छ स्थानीय महिला मंडल द्वारा प्रस्तुत मधुर स्वागत गीत एवं महेश वंदना से हुआ। इस अवसर पर जिला अध्यक्ष मंगला जी परवाल एवं उनकी टीम द्वारा नवनिर्वाचित जिला पदाधिकारियों का स्वागत व सम्मान किया गया।

शपथ विधि एवं दायित्व बोध-
पश्चिम मध्य प्रदेश प्रादेशिक महिला संगठन की नवनिर्वाचित प्रदेश सचिव श्रीमती साधना बियाणी ने सभी नवनिर्वाचित पदाधिकारियों को सेवा और संगठन के प्रति समर्पित रहने की शपथ दिलाई। उषा सोडाणी (प्रदेश अध्यक्ष) ने संगठन की कार्यप्रणाली को सशक्त बनाने पर विचार रखे। शोभा माहेश्वरी (नवनिर्वाचित प्रदेश अध्यक्ष) ने “मैं” का त्याग कर “हम” के भाव से सेवा करने का मंत्र दिया।

साधना बियाणी (नवनिर्वाचित प्रदेश सचिव) ने पदाधिकारियों को उनके कर्तव्यों की जानकारी दी। किरण लखोटिया (प्रदेश कोषाध्यक्ष) ने आर्थिक प्रबंधन और कोष संवर्धन के महत्व को समझाया। सत्यनारायण लाठी (पूर्व जिला अध्यक्ष) ने भाषा, भेष, भूषा और भजन के माध्यम से संस्कृति से जुड़े रहने का आह्वान किया।
फायरलेस कुकिंग’ प्रतियोगिता-
रचना झंवर एवं शीतल नागोरी के संयोजन में आयोजित प्रतियोगिता में प्रथम करुणा सिंगी एवं वृंदा सिंगी (कांटाफोड़)। द्वितीय: एकता दरक एवं ममता राठी (सोनकच्छ)। तृतीय: माधुरी धूत एवं एकता धूत (कन्नौद)। नवनिर्वाचित कार्यकारिणी (सत्र 2026-2029) में अध्यक्ष: ऋतु तापड़िया (लोहारदा), सचिव: मनीषा लाठी (सोनकच्छ), कोषाध्यक्ष: रचना झंवर (देवास), संगठन मंत्री: शीतल नागौरी (कांटाफोड़), प्रचार मंत्री: ज्योति तापड़िया (कन्नौद) को बनाया गया।
समारोह में जिले के 85 सदस्यों की उपस्थिति रही। आयोजन की सफलता में सोनकच्छ टीम की साधना छापरवाल (अध्यक्ष) एवं मंजू जाजू (सचिव) का विशेष सहयोग रहा।
सोनकच्छ महिला संगठन की अध्यक्ष श्रीमती छापरवाल ने अपने उद्बोधन में कहा कि जिले की बैठक करने का आतिथ्य सोनकच्छ संगठन को दिया। इसके लिए मैं जिला संगठन का अपनी ओर से एवं माहेश्वरी महिला संगठन की ओर से आभार व्यक्त करती हूं। साथ ही सफल आयोजन के लिए सोनकच्छ टीम की सभी बहनों को भी बधाई देती हूं, आप सभी के विशेष सहयोग से ही इतना बड़ा आयोजन सफल हो सका है। कार्यक्रम का संचालन श्वेता मुंदड़ा एवं एकता धूत ने किया। पूर्व सचिव ऋतु तापड़िया ने आभार व्यक्त किया। यह जानकारी जिला प्रचार मंत्री ज्योति तापड़िया ने दी।




